पन्ना।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बुंदेलखंड को भविष्य में चार मेडिकल कॉलेज मिलेंगे, जो दमोह, टीकमगढ़, पन्ना और कटनी में खोले जाएंगे। वहीं, दमोह की 'झापड़ नाला माध्यम सिंचाई परियोजना' को 165 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। सागर से दमोह फोरलेन सड़क की सौगात भी मिल रही है, जो दो राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ेगी। मंगलवार को खजुराहो में कैबिनेट मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि सागर में एक बड़ा इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जाएगा, जिससे 30 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा और 24 हजार करोड़ रुपए से अधिक का निवेश आएगा। कन्वेंशन हॉल के साथ एक फाइव स्टार होटल पीपीपी मोड पर बनाने की योजना है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पन्ना नेशनल पार्क को बड़ी बसों की सौगात दी गई है। मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री तीन दिन तक खजुराहो में रुके और यहां कैबिनेट बैठक की। इस दौरान कई सौगात दीं। पन्ना, दमोह, कटनी और टीकमगढ़ में अगले शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी।
जनवरी में बोत्सवाना से 8 चीते मध्यप्रदेश आएंगे
दुर्गावती अभयारण्य और नौरादेही अभयारण्य में चीता पुनर्स्थापन कार्य किया जाएगा। कूनो में 28 और गांधीसागर में 2 चीते हैं। जनवरी में बोत्सवाना से 8 चीते मध्यप्रदेश आएंगे। एमपी में अग्निशमन सेवा विस्तार के लिए 397 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के 600 युवाओं को जर्मनी और जापान भेजने की योजना है। राज्य के 12 अस्पतालों को अपग्रेड किया जाएगा।