नीमच।
नीमच जिले में सहायक उप निरीक्षक (ASI) मनोज यादव ने खाकी को शर्मसार कर दिया. जावद थाने में पदस्थ ASI मनोज यादव ने शक्रवार रात अपनी जीप से 2 बाइक सवारों को रौंद दिया. हादसे में एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बच्चों सहित 04 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में 10 साल के मासूम बेटे की हालत बेहद नाजुक है. एएसआई की कार से शराब की बोतल और गिलास मिला है. माना जा रहा है कि एएसआई नशे में धुत था.
सड़क पर चल रहे दो बाइक सवारों को रौंदा
दो बाइक को खतरनाक टक्कर मारने के बाद आरोपी ASI मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया. ये घटना नीमच जिले के जावद रोड की है. जावद थाने में पदस्थ ASI मनोज यादव अपनी जीप (HR 99 ABS (Temp) 1491) से शुक्रवार रात नीमच की ओर जा रहे थे. एएसआई ने जीप से सड़क पर चल रहे मोटरसाइकिल में भीषण टक्कर मारी.
इससे बाइक सवार रूपारेल, जावद निवासी दशरथ पिता शंभूसिंह (42) दूर फिंक गए. दशरथ नीमच के एक निजी आईटीआई कॉलेज में शिक्षक थे. वह अपनी पत्नी ललिता बाई (35), 10 वर्षीय पुत्र हर्षित और 6 वर्षीय पुत्री जया के साथ सब्जी लेकर घर लौट रहे थे.
10 साल के बच्चे का पैर काटने की नौबत
इस दर्दनाक हादसे में शिक्षक दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई. शिक्षक की पत्नी ललिता बाई और बेटी जया भी घायल हैं, लेकिन सबसे गंभीर चोट 10 वर्षीय बेटे हर्षित को लगी है. उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया. हर्षित को इतनी गंभीर चोट लगी है कि डॉक्टरों को उसका पैर बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. उसका पैर काटने की स्थिति है. इस घटना में अठाना निवासी भोपाल पिता नारायण सिंह (44) भी घायल हुए, जिन्हें भी निजी अस्पताल रेफर किया गया है.
कार से मिली शराब की बोतल व गिलास
हादसे के बाद आरोपी ASI मनोज यादव अपनी जीप मौके पर ही छोड़कर भाग गया. राहगीरों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. ASI की कार में शराब की बोतल, गिलास और अन्य सामग्री मिली, इससे माना जा रहा है कि वह गाड़ी चलाते समय नशे में धुत था. हादसे के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. कैंट टीआई वीरेंद्र झा मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आरोपी ASI की कार (HR 99 ABS (Temp) 1491) और क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया.