नरसिंहपुर। 
राजनीति में बयानबाजी तो आम है, लेकिन मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को जो नसीहत दी है, उसने सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक 'तूफान' ला दिया है। नरसिंहपुर के करेली में आयोजित एक विशाल सामूहिक विवाह सम्मेलन के मंच से मंत्री जी ने ऐसी 'चेतावनी' दी कि वहां मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए, तो विपक्ष को हमला करने का बैठे-बिठाए मुद्दा मिल गया।
"भीड़ बहुत है, अपना ही पार्टनर चुनना"
सम्मेलन में करीब 200 जोड़ों का निकाह और विवाह संपन्न हुआ। जब मंत्री राव उदय प्रताप सिंह संबोधन के लिए खड़े हुए, तो उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा— "यहां इतनी शादियां हुई हैं कि पहचान का संकट खड़ा हो सकता है। विदाई के वक्त पूरी सावधानी बरतें। अपने-अपने जोड़े के साथ ही घर जाएं, कहीं ऐसा न हो कि भीड़भाड़ और भूलवश आप अगल-बगल वाले के साथ ही निकल पड़ें।"
जनता ने लिए चटकारे, विपक्ष ने कहा— 'अपमान'
मंत्री जी का यह वीडियो वायरल होते ही लोगों ने इस पर चटकारे लेना शुरू कर दिया है। कुछ लोग इसे मंत्री जी का 'देसी और मजाकिया' अंदाज बता रहे हैं, तो कुछ इसे 'सावधानी हटी, दुर्घटना घटी' वाला संदेश मान रहे हैं। हालांकि, विपक्षी दल कांग्रेस को यह मजाक रास नहीं आया। कांग्रेस ने इसे मंच की गरिमा के खिलाफ और नवविवाहित जोड़ों की भावनाओं का अपमान बताया है। विपक्ष का कहना है कि पवित्र बंधन में बंधने आए जोड़ों के लिए इस तरह की हल्की भाषा का इस्तेमाल करना एक कैबिनेट मंत्री को शोभा नहीं देता।
सियासी गलियारों में चर्चा तेज
अब आलम यह है कि पूरे जिले में शादियों की चर्चा कम और मंत्री जी की इस 'अनोखी सलाह' की चर्चा ज्यादा हो रही है। लोग कह रहे हैं कि मंत्री जी ने पहले ही वॉर्निंग दे दी है, अब बाद में कोई यह न कहे कि— "साहब, बताया नहीं था!"