नरसिंहपुर। 
बालाघाट हॉक फोर्स के जांबाज़ निरीक्षक आशीष शर्मा की शहादत ने पूरे मध्य प्रदेश पुलिस परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया है. उनकी अंतिम यात्रा में ऐसा भावुक माहौल बन गया कि पुलिस अधीक्षक तक अपने आंसू नहीं रोक सके. नक्सल ऑपरेशन्स में अपनी बहादुरी का लोहा मनवाने वाले आशीष शर्मा की वीरगाथा अब यादों में अमर हो गई है.
अंतिम यात्रा में SP फूट-फूटकर रो पड़े
बालाघाट के अंबेडकर चौक से पुलिस लाइन तक निकाली गई श्रद्धांजलि यात्रा में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए और अंतिम दर्शन के दौरान फूट-फूटकर रो पड़े. पुलिस के जवानों ने उन्हें संभाला. अब ये भावुक वीडियो काफी वायरल हो रहा है. पुलिस लाइन में अमर शहीद आशीष शर्मा को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए और शोक सलामी दी गई.
नक्सलियों से मुठभेड़ में हुए थे शहीद
दरअसल, 19 नवंबर 2025 की सुबह हॉक फोर्स के निरीक्षक आशीष शर्मा नक्सलियों से भिड़ते हुए शहीद हो गए थे. एमपी–छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र की सीमा पर चलाए गए विशेष नक्सल-विरोधी ऑपरेशन में उन्हें चार गोलियां लगीं. आशीष शर्मा वही अफसर थे जिनके एनकाउंटर मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी में मॉडल केस की तरह पढ़ाए जाते हैं.
DSP Santosh Patel ने याद किए अपने साथी
डीएसपी संतोष पटेल ने बताया कि वे और आशीष कई ऑपरेशनों में साथ रहे. उन्होंने कहा कि “आशीष ऐसा अफसर था जिसे बड़े अफसरों से अच्छे संबंध होने के बावजूद अहमियत का घमंड कभी नहीं हुआ. उसका व्यवहार और काम दोनों ही बेहतरीन थे. उसकी शहादत जीवनभर नहीं भूल पाएंगे.”