नर्मदापुरम।
विरोध प्रदर्शन करने के लिए तमिलनाडु के चेन्नई से नई दिल्ली जा रहे किसान संगठन के 200 से अधिक कार्यकर्ताओं को मंगलवार शाम को पुलिस ने नर्मदापुरम में जीटी एक्सप्रेस से उतार लिया. इसके बाद गुस्साए किसानों ने स्टेशन पर ही अर्धनग्न होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस हंगामे के बीच करीब 3 घंटे तक जीटी एक्सप्रेस स्टेशन पर ही खड़ी रही. इस कारण ट्रेन में सवार यात्रियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा. ट्रेन से उतारे गए कार्यकर्ता दिल्ली जाने के लिए पुलिस से वाद विवाद करते रहे, लेकिन पुलिस ने भी सभी कार्यकर्ताओं को वापस ट्रेन में चढ़ने नहीं दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना था कि ऊपर से मिले निर्देश के अनुसार, किसान संगठन के कार्यकर्ताओं को नर्मदापुरम में रोककर यहां अस्थाई हाल्ट देना था. इसके बाद उन्हें वापस चेन्नई भेजना था. इधर करीब रात 8 बजे सभी किसानों को पुलिस वाहनों में बैठाकर स्वयंवरम गार्डन ले गई. पुलिस के अनुसार सभी किसानों के रहने और खाने का उचित प्रबंध किया गया है.
छावनी में तब्दील हुआ स्टेशन
तमिलनाडु के 'राष्ट्रीय दक्षिण भारतीय नदी संपर्क किसान संगठन' के 200 से अधिक कार्यकर्ता सोमवार को जीटी एक्सप्रेस में विभिन्न स्टेशनों से सवार हुए थे. जो दिल्ली पहुंचकर अपनी विभिन्न मांगों के लिए आंदोलन करने वाले थे. पुलिस ने विभिन्न इनपुट और ऊपर से मिले निर्देश के अनुसार किसान संगठन को मंगलवार शाम काे स्टेशन पर रोक लिया. जिसके लिए नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन को छावनी में तब्दील किया गया है. नर्मदापुरम, हरदा, रायसेन, सीहोर, भोपाल, छिंदवाड़ा समेत अन्य जिलों से पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी का फोर्स बुलाया गया है. शाम 4 बजे से नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर यह फोर्स तैनात हो गया. स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही किसान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को ट्रेन की विभिन्न बोगियों में से उतार लिया गया.