नागपुर। 
महाराष्ट्र के नागपुर जिले के बाजारगांव में आधी रात एक बड़ा हादसा हुआ। सोलर एक्सप्लोसिव्स लिमिटेड (Solar Explosives Blast) के प्लांट में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। गंभीर घायलों का इलाज आईसीयू में चल रहा है, जबकि कुल नौ लोग इस घटना में जख्मी हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 12:30 बजे PP-15 यूनिट के CB-1 प्लांट में हुआ। यहां HMX, TNT और RDX जैसे विस्फोटक बनाए जाते हैं। बताया जा रहा है कि काम के दौरान प्लांट में धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। इस वजह से एक बड़ी त्रासदी टल गई। हालांकि, आरएनडी लैब में मौजूद मयूर नामक कर्मचारी हादसे का शिकार हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि मलबे और इमारत के टुकड़े दूर-दूर तक बिखर गए। एक भारी पत्थर लगने से मयूर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छह घायल कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। फिलहाल कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।