मुरैना।
सरकारी विभागों में काम करने के बदले में रिश्वत लेने के कई मामले सामने आते रहे हैं। यही वजह है कि अब लोग समझ चुके हैं कि बिना रिश्वत के सरकारी अमला काम नहीं करता है। यह बात बड़े लोगों के साथ-साथ अब बच्चों के दिमाग में भी घर कर गई है कि बिना रिश्वत के सरकारी अमला काम नहीं करता है। यही वजह है कि मुरैना में एक बच्चे को अपने घर के बाहर लीकेज हो रही सीवर को ठीक करवाने के लिए अधिकारी के टेबल पर चार चॉकलेट रख दी।
सीवर ठीक करवाने के लिए रख दिए चॉकलेट
हैरान कर देने वाला यह मामला मुरैना से निकलकर सामने आया है। दरअसल, मुरैना शहर की संजय कॉलोनी में रहने वाले कक्षा 6 के छात्र मानवेंद्र सिंह के घर के बाहर लंबे समय से सीवर का पानी लीकेज हो रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद इस परेशानी को हल नहीं किया गया है। मानवेंद्र को यह जानकारी लगी थी कि सरकारी अमला बिना लेनदेन के कोई काम नहीं करता है। लिहाजा मानवेंद्र ने अपनी गुल्लक से ₹20 निकाले और इन ₹20 की चार चॉकलेट खरीदी। इसके बाद अपने चाचा के साथ जनसुनवाई में पहुंच गया।
एसडीएम के टेबल पर रख दी चॉकलेट
यहां पर जनसुनवाई में एडीएम कमलेश भार्गव बैठे हुए थे। मानवेंद्र ने चारों चॉकलेट एडीएम की टेबल पर रख दी और उनसे गुजारिश की कि उसके घर के सामने बह रही सीवर के लीकेज को बंद कर दिया जाए। क्योंकि इस वजह से वह न तो घर के बाहर खेल पा रहा है, न स्कूल जा पा रहा है। हालांकि मासूम की बात सुनकर अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
काम के बदले चॉकलेट दे दी
इस बारे में जब मानवेंद्र से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बिना लेनदेन के कोई काम नहीं होता है। इसलिए उन्होंने चार चॉकलेट खरीद कर अधिकारी को दी है और अगर उनका काम नहीं हुआ तो वह यह चारों चॉकलेट वापस ले जाएगा।