'मैडम, ये किसी का घर है!'... टीआई की बात पर भड़कीं महापौर, बोलीं- 'मैं शहर की प्रथम नागरिक हूं, प्रोटोकॉल भूल गए क्या?'
मुरैना।
चंबल की राजनीति में वैसे तो गर्माहट बनी ही रहती है, लेकिन इस बार मामला 'पावर वर्सेस ड्यूटी' का है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे के दौरान मुरैना की महापौर शारदा सोलंकी और सबलगढ़ थाना प्रभारी (टीआई) राजकुमारी परमार के बीच जबरदस्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। नौबत यहाँ तक आ गई कि महापौर को अपनी साख और प्रोटोकॉल की याद दिलानी पड़ी, तो महिला टीआई ने भी अपनी ड्यूटी का हवाला देकर झुकने से इनकार कर दिया।
"मंत्री जी का घर मेरा भी घर है"
मामला तब शुरू हुआ जब मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के घर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। प्रोटोकॉल के तहत महापौर शारदा सोलंकी वहां पहुंचीं, लेकिन सुरक्षा में तैनात टीआई राजकुमारी परमार ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। जब टीआई ने कहा कि "मैडम, ये किसी का घर है", तो महापौर का पारा चढ़ गया। उन्होंने दो-टूक जवाब दिया—
"यह मंत्री जी का घर होने के साथ-साथ मेरा भी घर है। मैं नगर की प्रथम नागरिक हूं और बीजेपी की वरिष्ठ नेता भी। प्रदेश के मुखिया आए हैं और आप मुझे प्रोटोकॉल के तहत अंदर जाने से रोक रही हैं?"
मजाक बना रखा है: महापौर का दर्द
काफी देर तक चली इस बहस और अन्य नेताओं के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार महापौर को अंदर जाने दिया गया। लेकिन उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ। नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, "इन लोगों ने मजाक बना रखा है, मैं एक घंटे से बाहर खड़ी हूं।"
टीआई का 'रिटर्न गिफ्ट': "इतनी देर तो सीएम भी नहीं रुके"
इस पूरे विवाद पर टीआई राजकुमारी परमार भी पीछे नहीं रहीं। उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि वह सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रही थीं और उन्होंने कोई अभद्रता नहीं की। महापौर के 'एक घंटे इंतजार' वाले दावे पर टीआई ने चुटकी लेते हुए कहा— "एक घंटा तो मुख्यमंत्री जिले में भी नहीं रुके, तो वह एक घंटे से खड़ी कैसे थीं?"
सियासी गलियारों में चर्चा
अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग चटकारे ले रहे हैं कि जब शहर की 'सरकार' और 'कानून' आमने-सामने हों, तो प्रोटोकॉल और ड्यूटी की जंग ऐसे ही दिलचस्प हो जाती है।

Bhaskara Rao का निधन, बगावत कर खुद बने थे मुख्यमंत्री
इस्लामपुर में बड़ा हादसा: मनोज तिवारी की सभा में हेलीकॉप्टर उतरा, बच्चे घायल
पांड्या ब्रदर्स के बीच 'कोल्ड वॉर' की खबरों पर बोले क्रुणाल— "सब ठीक है, अफवाहों पर न दें ध्यान"।