मुरैना। 
चंबल में रेत खनन को लेकर प्रदेश की सियासत फिर गरमा गई है। मोहन सरकार के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने मुरैना में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान ऐसा बयान दे दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंत्री ने साफ शब्दों में कहा यहां कोई माफिया नहीं है… माफिया की परिभाषा आप सब जानते हो…चार-चार लोग ट्रैक्टर लेकर काम कर रहे हैं तो वह माफिया नहीं है… मैं उनके खिलाफ नहीं, उनके पक्ष में हूं। दरअसल शहर के प्रदेश सरकार के बजट को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की गई थी। मंत्री कंसाना ने बजट को गरीब, युवा और किसानों की समृद्धि का मार्ग बताया। इसी दौरान पत्रकारों ने चंबल नदी में रेत खनन के लीगलाइजेशन को लेकर सवाल किया। जवाब में मंत्री ने कहा कि जहां घड़ियाल नहीं हैं, वहां खदान खोले जाने का प्रयास पहले भी किया गया था, लेकिन कोर्ट की रोक के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। उन्होंने कहा कि इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर केंद्र सरकार से भी बात की जाएगी, क्योंकि मामला केंद्र से जुड़ा है। मंत्री ने आगे कहा यह पेट पालन का काम है, पोरसा से लेकर श्योपुर तक लोग इससे जुड़े हैं। मंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। जहां विपक्ष इसे रेत माफिया पर नरमी बता रहा है, वहीं समर्थक इसे स्थानीय रोजगार से जोड़कर देख रहे हैं। अब देखना होगा कि चंबल के रेत खनन पर सरकार अगला कदम क्या उठाती है।