मुरैना।
सबलगढ़ एसडीएम अरविंद माहौर को मुरैना कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से हटा दिया है. दरअसल, मंगलवार को कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में एक महिला ने एसडीएम पर आरोप लगाया था कि वो रात में 12 बजे मेरी बेटी को फोन और मैसेज करके परेशान करते हैं. शिकायत करने पर गंदी-गंदी गालियां देते हैं. साथ ही उसके देवर को सबलगढ़ में काम-धंधा करने में परेशान कर रहे हैं. महिला और उसकी बेटी के बारे में सबलगढ़ एसडीएम द्वारा अपशब्द बोलते हुए एक वीडियो भी सामने आया है. कलेक्टर ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं.
महिला ने जनसुनवाई में एसडीएम के खिलाफ की शिकायत
दरअसल, ग्वालियर शहर स्थित चंदन नगर निवासी एक महिला ने मंगलवार को मुरैना कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में पहुंची. महिला ने कलेक्टर को एक शिकायती आवेदन देते हुए आरोप लगाया कि सबलगढ़ एसडीएम अरविंद माहौर पिछले 2 महीने से मेरी बेटी को परेशान कर रहे हैं. रात को 12 बजे मेरी बेटी को फोन करते हैं, मैसेज करते हैं. मेरी बेटी पूछती है कि मेरा नंबर कहां से मिला तो उल्टे-सीधे जवाब देते हैं. इससे हमें न सिर्फ मानसिक परेशानी हो रही है बल्कि बेटी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता सता रही है."
एसडीएम ने मां-बेटी को गाली दी और अपशब्द कहे
महिला ने आरोप लगाया कि "बेटी को परेशान करने के अलावा एसडीएम अरविंद माहौर सबलगढ़ में मेरे देवर को भी परेशान करते हैं. वह अपने कर्मचारियों को बार-बार भेजकर देवर को दुकान से अपने घर बुलाते हैं. उन्हें काम-धंधा नहीं करने दे रहे हैं. एक दिन मेरा देवर एसडीएम के घर पहुंचा तो उन्होंने मुझे और मेरी बेटी को गालियां दी, अपशब्द कहे. देवर ने सारी बातें चोरी से अपने फोन में रिकॉर्ड कर ली. वीडियो हमारे पास है. इस घटना से हमारी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हुई है.
अरविंद माहौर के सबलगढ़ एसडीएम पद से हटाया गया
मुरैना कलेक्टर अंकित अस्थाना ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार की शाम एसडीएम अरविंद माहौर को तुरंत हटाने के आदेश जारी कर दिए. डिप्टी कलेक्टर मेधा तिवारी को सबलगढ़ एसडीएम का कार्यभार सौंप दिया गया है. वहीं, अरविंद माहौर को एसडीएम पद से हटाकर मुरैना कलेक्ट्रेट में डिप्टी कलेक्टर पद पर नियुक्त कर दिया है.