खाकी का दर्द: "साहब, मुझे बर्खास्त कर दो, पर इलाज के लिए छुट्टी दे दो!"
मुरैना।
मध्य प्रदेश के पुलिस महकमे से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने अनुशासन और इंसानियत के बीच की लकीर को धुंधला कर दिया है। मुरैना एसपी समीर सौरभ के बंगले पर तैनात आरक्षक रूप सिंह रावत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह सिस्टम की बेरुखी और अपनी बीमारी के चलते फूट-फूट कर रो रहा है। आरक्षक रूप सिंह का आरोप है कि उसकी दोनों किडनियों में सिस्ट (गांठ) है और पथरी है। दर्द से कराहते हुए आरक्षक ने जब एसपी साहब से 15 दिन की छुट्टी मांगी, तो आरोप है कि उसका आवेदन फेंक दिया गया। वीडियो में आरक्षक ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि उससे बंगले पर झूठे बर्तन साफ कराए जाते हैं। वरिष्ठ पत्रकार रविंद्र जैन के अनुसार, शाकाहारी होने के बावजूद आरक्षक से जबरन मांसाहार (नॉनवेज) बनवाने और हड्डियां उठवाने जैसे काम लिए जा रहे हैं, जो उसकी धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है। आरक्षक को डर है कि कहीं उसका हाल भी पूर्व कर्मचारी 'लतीफ' जैसा न हो जाए, जिसकी बीमारी के दौरान सही इलाज न मिलने से मौत हो गई थी।
आरक्षक की गुहार: "मैं मशीन नहीं, इंसान हूं"
वीडियो में रूप सिंह की आवाज कांप रही है। उसने सीधे तौर पर कहा:? "श्रीमान, मुझे बर्खास्त कर दो, सस्पेंड कर दो, लेकिन मुझे इलाज कराने दो। क्या पुलिस विभाग में एक आरक्षक को बीमार होने पर छुट्टी मांगने का भी हक नहीं है?"
आईपीएस मतलब 'खुदा' नहीं!
मुरैना एसपी समीर सौरभ एक अच्छी छवि वाले अधिकारी माने जाते हैं, लेकिन इस घटना ने उनकी कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या एक आरक्षक का काम सुरक्षा करना है या बंगले के किचन में बर्तन मांजना? यदि कोई कर्मचारी शाकाहारी है, तो उससे जबरन मांसाहार पकवाना उसकी व्यक्तिगत और धार्मिक स्वतंत्रता का अपमान है। एक बीमार व्यक्ति को छुट्टी न देना और उसका आवेदन फेंक देना 'पुलिस वेलफेयर' के दावों की पोल खोलता है। क्या मध्य प्रदेश शासन और गृह विभाग इस मामले का संज्ञान लेगा? अगर कल को आरक्षक रूप सिंह की तबीयत बिगड़ती है, तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? साहब, याद रखिए... वर्दी के नीचे भी एक इंसान धड़कता है। उसे मशीन समझने की भूल भारी पड़ सकती है।

15 साल बाद वाम मोर्चा की राह पर ममता बनर्जी, एंटी इनकंबेंसी से बचने के लिए बड़ा राजनीतिक दांव
हरीश रावत का बड़ा बयान: “हां मैं तांत्रिक हूं, मैं घमंडी हूं”, जानें पूरा मामला