छतरपुर।
बुंदेलखंड में दलितों पर अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला छतरपुर से सामने आया है, यहां एक दलित युवक को खुलेआम सड़क पर कई लोगों ने बेरहमी से पीटा और गाली-गलौच करते हुए गोली मारने की धमकी दी. युवक की पिटाई करने वालों में से एक शख्स खुद को बीजेपी का बड़ा नेता बता रहा है. दबंगई करते हुए आरोपियों का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें वे युवक को पीटते और मोबाइल छीनने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
बीजेपी नेता ने दलित युवक को पीटा
सोशल मीडिया पर दलित युवक की पिटाई का एक वीडियो सर्कुलेट हो रहा है. यह वीडियो छतरपुर के बिजावर थाना इलाके के पठार तालाब का बताया जा रहा है. इसमें स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि एक युवक को कई लोग पीट रहे हैं और उसे उठाकर गाड़ी में ले जाने के बात करते हुए नजर आ रहे हैं. पिटाई करने वाला एक व्यक्ति खुद को भाजपा नेता आशीष रैकवार बता रहा है. खुलेआम मारपीट करते हुए वह स्वयं को भाजपा का जिला अध्यक्ष कह रहा है और युवक को झूठे पुलिस केस में फंसाने की बात भी कह रहा है. वीडियो में आरोपी कट्टा लाने की बात करता नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है.
घटना के बाद से डरा हुआ है पीड़ित
वारदात का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आई और बीजेपी नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच में जुट गई है. दलित युवक छन्नूलाल अहिरवार के साथ मारपीट, अभद्रता और गाली गलौज करने की पीछे की वजह बीजेपी नेता द्वारा पीड़ित के तालाब से मछली चोरी करने से रोकना बताया जा रहा है. घटना के बाद पीड़ित इतना भयभीत हो गया कि वह थाने तक रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं पहुंच सका. वायरल हो रहे वीडियो पर एसपी अगम जैन ने संज्ञान लिया. उनके निर्देश पर बिजावर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष रैकवार के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है.
एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज
दलित युवक छन्नूलाल अहिरवार ने बताया, "वह एरोरा का रहने वाला है और जटाशंकर मत्स्य हरिजन समिति का प्रबंधक है. बीजेपी नेता आशीष रैकवार मेरे तालाब पर जबरन मछली चोरी करने पहुंचे थे. मैंने उनको रोका तो कट्टा की धमकी देने लगे और मारपीट कर दी. वे अपने आपको बीजेपी जिला अध्यक्ष बता रहे थे." पीड़ित ने आरोपी पर सख्त कार्रवाई करने मांग की है, साथ ही कहा कि मेरी मछली जो चोरी की वह वापस दिलाई जाए. बीजावर एसडीओपी अजय कुमार रिठौरिया ने कहा, "एक वीडियो सामने आया जो कुछ दिन पुराना है. मामले में युवक आशीष रैकवार पर बीएनएस और एससी एसटी की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है. आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.