कर्ज लेकर किया मध्य प्रदेश का विकास, वित्त मंत्री ने बताया कैसा होगा आने वाला बजट
मंदसौर।
प्रदेश के विकास को गति देने के लिए मध्य प्रदेश सरकार जल्द ही आगामी वित्तीय वर्ष का बजट पेश करने जा रही है। बजट से पहले वित्त मंत्रालय ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं। वित्त मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने बताया कि इस बार का बजट कृषि, उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा और भौतिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे अहम क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा। मंदसौर दौरे पर पहुंचे वित्त मंत्री ने कहा कि आगामी बजट सर्वहारा वर्ग के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। स्वर्णिम भारत की अवधारणा के अनुरूप बजट को जमीनी स्तर से तैयार किया गया है, जिसमें आम लोगों की मांगों और सुझावों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित प्री-बजट बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी। पिछले वित्तीय वर्ष में 4 लाख 21 हजार करोड़ रुपये के बजट से किए गए विकास कार्यों का ब्यौरा रखते हुए इस बार के लिए केंद्र सरकार से बड़ी राशि की मांग की गई है। वित्त मंत्री ने कहा कि वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ आयोजन के लिए 2000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की मांग भी केंद्र सरकार से की गई है। इसके अलावा अगले पांच वर्षों को ध्यान में रखते हुए सड़कों के निर्माण, सिंचाई व्यवस्था, चिकित्सा और शिक्षा क्षेत्र तथा गरीब कल्याण योजनाओं के लिए अलग-अलग बजटीय प्रावधान किए गए हैं। कर्ज लेकर प्रदेश के विकास को लेकर विपक्ष के सवालों पर वित्त मंत्री ने कहा कि यदि विकास के लिए कर्ज लेना पड़े तो इसमें कोई हर्ज नहीं है। सरकार का लक्ष्य सभी वर्गों के संतुलित विकास का है। उन्होंने बताया कि बजट तैयार करने से पहले सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यकताओं के अनुसार बजट आवंटन पर चर्चा की गई है।

Supreme Court of India सख्त, CJI बोले- न्यायपालिका को बदनाम करने की इजाजत नहीं