एक हाथ, कई सियासी मायने! कांग्रेस विधायक के सिर पर सीएम मोहन यादव का आशीर्वाद, सियासत में हलचल तेज
मंदसौर।
मध्यप्रदेश की राजनीति में उस वक्त चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर से कांग्रेस विधायक विपिन जैन के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया। यह दृश्य कैमरे में कैद हुआ और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में कयासों का दौर शुरू हो गया—कोई इसे सियासी संकेत बता रहा है तो कोई शिष्टाचार की राजनीति। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हाल ही में मंदसौर दौरे पर थे। इसी दौरान कांग्रेस विधायक विपिन जैन ने उनसे मुलाकात की। मुलाकात के समय विधायक ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और अपनी विधानसभा से जुड़े विकास कार्यों को लेकर एक मांग-पत्र भी सौंपा। बातचीत के दौरान विपिन जैन ने आग्रह किया कि उनकी विधानसभा पर मुख्यमंत्री का आशीर्वाद बना रहे, जिस पर सीएम ने उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गईं। कुछ लोगों ने इसे दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर सौहार्द की राजनीति बताया, तो कुछ ने इसके दूरगामी सियासी संकेत निकालने शुरू कर दिए। हालांकि, कांग्रेस विधायक विपिन जैन ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ कहा कि इसमें कोई राजनीतिक संदेश नहीं है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जब मेरी विधानसभा में आए, तो एक जनप्रतिनिधि के तौर पर उनका स्वागत करना मेरा कर्तव्य था। मैंने उनसे विकास से जुड़े मुद्दों पर बात की और निवेदन किया कि मेरी विधानसभा पर उनका आशीर्वाद बना रहे। उसी भाव में उन्होंने मेरे सिर पर हाथ रखा। फिलहाल, एक साधारण-सी मुलाकात और आशीर्वाद का यह क्षण राजनीति में बड़ी चर्चा का विषय बन गया है। अब यह शिष्टाचार था या सियासत—इस पर बहस जारी है।

Supreme Court of India सख्त, CJI बोले- न्यायपालिका को बदनाम करने की इजाजत नहीं