मंदसौर। 
मंदसौर के भगवान पशुपतिनाथ मेले में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने अपने भजनों और गानों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। बड़ी संख्या में जुटी भीड़ उनके गीतों पर झूमती नजर आई। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान मंच से कही गई कुछ बातें अब चर्चा का विषय बनी हुई हैं। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों के नाम लेते समय, जब सुवासरा से भाजपा विधायक हरदीप सिंह डंग का नाम आया, तो कैलाश खेर कुछ क्षण के लिए ठिठक गए। मज़ाकिया अंदाज़ में उन्होंने पूछ लिया— ये हरदीप सिंह डंग कौन हैं जी? ये कौन-सा डंग है? तभी भीड़ में से किसी ने आवाज लगाई— बिच्छू का! यह टिप्पणी सुनकर मंच और दर्शक दोनों ही ठहाका लगा बैठे। कार्यक्रम की शुरुआत में भी कैलाश खेर का अंदाज़ चौंकाने वाला रहा। दर्शकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा— “ताली तो बजाओ, गरीबों… जिस पर कई लोग असहज भी दिखे। खेर ने मंच से नगर पालिका के कामकाज पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कलाकार को बुलाने को लेकर समझदारी दिखानी चाहिए और कंजूसी से कार्यक्रम आयोजित नहीं करने चाहिए। उनके अनुसार— कलाकार को बुलाएं तो समझिए यज्ञ होने जा रहा है। कंजूसी करेंगे तो यज्ञ या भंडारा मत कीजिए। कैलाश खेर के इन तंजों ने कार्यक्रम को सुर्खियों में ला दिया है, और सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर प्रतिक्रियाएँ जारी हैं।