खंडवा।
शिवपुरी के बाद मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में भी बीजेपी नेता पर थार से तांडव का आरोप लगा है। आरोप है कि उसने अपनी थार से पूर्व सरपंच की बलेनो कार में तीन बार टक्कर मारी है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही बीजेपी नेता लवकुश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
केनूद के पास घटी है घटना
दरअसल, खंडवा के केनूद के पास सड़क हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं, एक युवती और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए है। सभी बलेनो कार में सवार थे। तभी तेज रफ्तार थार ने गाड़ी को कई बार टक्कर मार दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट गया है। लोगों का कहना है कि यह हादसा नहीं साजिश है। आरोप सनावद के बीजेपी नेता लवकुश पर लगे हैं।
मूंदी की ओर जा रहे थे सभी लोग
वहीं, बलेनो कार में सवार सौरभ अपनी मां सुमन बाई, भाई-बहन और साले के साथ मूंदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही थार कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ और उनकी मां सुमन बाई की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कार में सवार सारिका, रविंद्र राठौर और रवि गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक कुसुम सुमन बाई पूर्व सरपंच रही हैं।
परिवार का यह है आरोप
वहीं, परिवार के सदस्य ने बताया कि परिवार की बेटी सारी की शादी ठीकरी में तय हुई थी। पांच मई को उसकी शादी थी। लवकुश बहन के पीछे पड़ा था। दो पहले वह घर आकर धमकाया था। कहा था कि दूसरी जगह शादी नहीं होने दूंगा। मूंदी थाने में इसकी शिकायत भी हुई थी। सभी लोग कार में बैठकर थाने ही जा रहे थे। उसमें सारिका भी थी। केनूद रोड पर पहुंचे तो लवकुश सामने से कार लेकर आया और टक्कर मार दी। फिर भाग गया।
आरोपी लवकुश को हिरासत में लिया
पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके बाद परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि थार वाहन का चालक सनावद निवासी और भाजपा से जुड़ा नेता लवकुश है। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और आरोपी के खिलाफ लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आरोपी लवकुश को हिरासत में ले लिया है।