खंडवा।
एमपी के खंडवा में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल मच गया। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष ने सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर के पैर पड़ लिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आप हमारे रक्षक हो, बजरंग बली के अवतार हो आप बचा लो। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि चिंता मत करो, अभी अपने घर जाओ। फिलहाल यह कार्रवाई रोक दी गई है। खंडवा के सूरजकुंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाए जाने से नाराज लोग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान जमकर नारेबाजी करते हुए कहा हमारे ऊपर से बुलडोजर चला दे और हमारी समाधि बना दो, यहां हम वर्षों से रह रहे है। महिलाओं ने कहा कि हमे यहां से हटाने से पहले हमारे रहने का इंतजाम किया जाए, यहां पांच पीढ़ियों से रह रहे है, हम सभी टैक्स भी देते है। रेलवे ने कार्रवाई करते हुए कुछ मकानों पर बुलडोजर चढ़ा दिया।
दीपक ने कहा- ऐसे हिंदू राष्ट्र बनाएंगे ?
वहीं हंगामे के दौरान अजीब वाकया हुआ। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर ने सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर के पैर पड़ लिए। उनका कहना था कि यह लोग जेल भेज देते है, इसलिए इनको बजरंग बली समझ कर उनके पैर पकड़ लिए। नेता प्रतिपक्ष दीपक ने आरोप लगाया कि हिंदुत्व का दावा करने वाले कहा है ? त्योहार के दौरान माता बहनों को हटाया जा रहा है और यह सब चुप है, ऐसे हिंदू राष्ट्र बनायेंगे ?
स्थानीय पार्षद ने कही ये बात
इधर, स्थानीय पार्षद का कहना है कि हम लगातार रेलवे से निवेदन कर रहे कि यह जगह नजूल में आती है, इसकी नपती करवा दीजिए। वहीं जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद रेलवे ने अभी कार्रवाई रोक दी है। आपको बता दें कि परीक्षा के चलते जिला प्रशासन और रेलवे ने पहले कार्रवाई टाल दी थी। लेकिन अब फिर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। कल जिला प्रशासन के आला अधिकारी पहुंचेंगे तब निर्णय होगा।