खंडवा। 
जनजातीय कार्य विभाग मंत्री विजय शाह ने कहा है कि मीडिया वाले उनसे जलते हैं। शाह ने यह बात गुरुवार को खंडवा मेडिकल कॉलेज में फॉरेंसिक साइंस पर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में कही। मंत्री शाह बतौर मुख्य अतिथि यहां पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मेडिकल स्टूडेंट के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं का जिक्र किया। बताया कि उनके विभाग ने इस साल 14 बच्चों की फीस चुकाई है। इनमें से प्रत्येक को 37-37 लाख रुपए दिए गए हैं। मंत्री ने कहा- देख लो, मेरे पास उन बच्चों की लिस्ट है। मैं मन से कुछ नहीं सकता हूं। शाह ने अपने पीए को लिस्ट दी, फिर बोले- मीडिया वालों को दे दो क्योंकि मीडिया वाले मुझसे जलते हैं।
बोले- डाकिया आपकी मांग सरकार तक भिजवाएगा
मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर तंज भी कसा। जब डीन डॉ. संजय दादू ने कहा कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए आईटीआई कॉलेज के पीछे 14 एकड़ जमीन आवंटित है लेकिन निर्माण के लिए बजट स्वीकृत नहीं हो पाया है। इस पर मंत्री शाह ने कहा- आपने 6 साल बाद जाकर इस डाकिये को बुलाया है। अब यह डाकिया आपकी मांग को सरकार तक भिजवाएगा। इस कॉलेज का नामकरण पूर्व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के नाम से है। मैं बता दूं कि इस उपलब्धि में मेरी भी बड़ी भूमिका थी।
एमआरआई सिस्टम और बस दिलाने की घोषणा की
कॉन्फ्रेंस में मेडिकल स्टूडेंट्स ने समस्या रखी कि उन्हें अस्पताल जाने के लिए ऑटो या रिक्शे का सहारा लेना पड़ता है। इस पर मंत्री शाह ने हरसूद के सरकारी कॉलेज का जिक्र किया। कहा- मैंने वहां कॉलेज स्टूडेंट की सुविधा के लिए चार बसें दिलाई हैं। आपको भी इसी मार्च महीने तक एक बस दिला दूंगा। उन्होंने कहा- डीन लिखकर दें कि बस के डीजल और ड्राइवर की व्यवस्था हम लोग कर लेंगे। वहीं, डॉक्टर्स ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में एमआरआई सुविधा नहीं है। इस पर मंत्री ने कहा कि वे जल्द ही शासन स्तर पर इस मामले को रखेंगे। आउटसोर्स के माध्यम से एमआईआर सुविधा दिलवाएंगे।