झाबुआ। 
झाबुआ जिले के रानापुर अंतर्गत ग्राम सनोड में सिंगार समाज के महासम्मेलन में शामिल होने पहुंचे विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में घोटालों की बाढ़ आई हुई है और भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे जनता बदहाल है। सिंघार के आगमन पर कार्यकर्ताओं और आम जनता ने उनका स्वागत किया। राजगढ़ नाका पर पूर्व विधायक जेवियर मेडा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसजनों ने ढोल-धमाकों और पुष्पहारों के साथ उनकी अगवानी की। इसके बाद स्वागत का सिलसिला जारी रहा, जहां कालीदेवी में पूर्व विधायक वालसिंह मेडा ने अपने समर्थकों के साथ उनका स्वागत किया। टंट्या मामा चौराहा पहुंचने पर सिंघार ने जननायक टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां से उनका काफिला रानापुर की ओर रवाना हुआ। रास्ते में आमला फलिया और टिकड़ी मोती जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों ने अपनी परंपरा के अनुसार उनका सत्कार किया। रानापुर में कांग्रेस नेताओं और गुजरी चौराहे पर मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने भी पुष्पहारों से उनका स्वागत किया। इस पूरे दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता साबिर फिटवेल, ठाकुर आदित्य सिंह राठौड़, जनपद अध्यक्ष ललित मुकेश मुनिया, नरवेश अमलियार, विक्रम मेडा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। मीडिया से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि वर्तमान में मध्य प्रदेश में घोटालों की बाढ़ आई हुई है और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने जनता की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि लोग दूषित पानी पीने से मर रहे हैं और आम जनता को पानी के उनके बुनियादी अधिकार से वंचित रखा जा रहा है। सिंघार ने किसानों की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि अन्नदाता को समय पर न तो खाद मिल पा रही है और न ही बिजली। वहीं, युवाओं को बैकलॉग के पदों से दूर रखकर नौकरियों के हक से वंचित किया जा रहा है। सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने चुनौती दी कि अगर सरकार में साहस है तो विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण करवाए, आखिर सरकार इससे क्यों भाग रही है।