अनूपगढ़। 
भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी  ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी  दी है। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान नक्शे पर अपनी जगह बनाए रखना चाहता है, तो राज्य समर्थित आतंकवाद तुरंत रोकना होगा। द्विवेदी ने राजस्थान के अनूपगढ़ में एक सैन्य चौकी पर जवानों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि भारत इस बार कोई नरमी नहीं दिखाएगा। पाकिस्तान को आतंकी सरगनाओं को सरकारी मदद देने की आदत छोड़नी पड़ेगी। द्विवेदी ने कहा, "पाकिस्तान को सोचना होगा कि वह अपनी भौगोलिक पहचान बचाना चाहता है या नहीं। पाकिस्तान सरकार प्रायोजित आतंकवाद बंद करो, वरना हम ऑपरेशन सिंदूर जैसा संयम नहीं रखेंगे।" उन्होंने जवानों को तैयार रहने का निर्देश दिया और कहा, "ईश्वर ने चाहा तो जल्द मौका मिलेगा। शुभकामनाएं।" यह बयान पाकिस्तान के खिलाफ भारत की मजबूत नीति को दर्शाता है, जहां आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस है।
वायुसेना प्रमुख एपी सिंह के उस दावे के बाद आया बयान
यह चेतावनी वायुसेना प्रमुख एपी सिंह के उस दावे के बाद आई, जिसमें उन्होंने मई के ऑपरेशन सिंदूर में 4-5 पाकिस्तानी जेट्स, जिसमें अमेरिकी F-16 और चीनी JF-17 शामिल थे, मार गिराने की बात कही। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को लंबी दूरी के हथियारों से पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी कैंपों पर सटीक हमला किया। इससे दोनों देशों के बीच युद्ध जैसी स्थिति बन गई।