इंदौर। 
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी इतिहास रचने वाली है. अब तक की गिनती के मुताबिक, पार्टी 195 सीटों से बढ़त पर है. ममता बनर्जी की पार्टी TMC 93 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है. इन रुझानों को देख मध्य प्रदेश में भी जश्न मनाया जा रहा है. इंदौर के बीजेपी ऑफिस में भी जश्न का माहौल है. इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ मंत्री और नेता कैलाश विजयवर्गीय भावुक हो उठे. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस बात का अंदाजा नहीं था कि ये पल मुझे इतना भावुक कर देगा. इस दौरान उनकी आंखों से खुशी के आंसू झलक गए थे.
बंगाल में जंगल राज जैसे हालात
कैलाश विजयवर्गीय ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह 'देश के लिए तोहफा' है. "राज्य में पिछले 15 सालों से अराजकता और भय का माहौल था. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में प्रदेश में 'जंगल राज' जैसी स्थिति बनी हुई थी, जहां लोकतंत्र कमजोर हुआ और विपक्षी कार्यकर्ताओं पर लगातार अत्याचार हुए". 
बयां किया अपना दर्द
कैलाश विजयवर्गीय ने इस दौरान अपने पर्सनल अनुभवों को भी साझा किया. उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में सक्रिय राजनीति के दौरान उनके खिलाफ कई आरोप दर्ज किए गए थे. इन आरोपों में दुष्कर्म और चाइल्ड ट्रैफिकिंग जैसे गंभीर आरोप भी थे. विजयवर्गीय ने इन मामलों को राजनीतिक साजिश बताते हुए बताया कि भाजपा नेताओं को डराने और दबाने के लिए ऐसी हरकते की जाती है.