'वंदे मातरम' का अपमान पड़ा भारी, कांग्रेस की दो महिला पार्षदों पर FIR दर्ज
इंदौर |
मिनी मुंबई कहे जाने वाले इंदौर से इस वक्त की सबसे बड़ी राजनीतिक और कानूनी खबर सामने आ रही है। नगर निगम के बजट सत्र में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' का अपमान करने के मामले में कांग्रेस पार्षद रुबीना खान और फोजिया शेख अलीम के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। लंबे हंगामे और जांच के बाद एमजी रोड थाना पुलिस ने दोनों महिला पार्षदों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घंटों पूछताछ के बाद बड़ी कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने सोमवार और मंगलवार को दोनों पार्षदों को थाने तलब किया था। यहां कई घंटों तक चली कड़ी पूछताछ और उनके बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की। बता दें कि बजट सत्र के दौरान राष्ट्रगीत के समय इन पार्षदों के आचरण को लेकर देशभर में आक्रोश देखा गया था।
वीडियो वायरल होने पर मचा था बवाल
पूरा मामला नगर निगम के हालिया बजट सत्र का है। राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के गायन के दौरान दोनों पार्षदों ने कथित तौर पर इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैला, जिसके बाद भाजपा पार्षदों ने इसे राष्ट्र का अपमान बताते हुए एमजी रोड थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
इन धाराओं में फंसीं पार्षद
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों कांग्रेस पार्षदों के खिलाफ धारा 196/1 के तहत केस दर्ज किया है। यह धारा विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने और शांति भंग करने की कोशिशों से जुड़ी है।

