"वंदे मातरम विवाद: थाने पहुंची इंदौर की सियासत, कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख से 4 घंटे तक कड़े सवाल-जवाब"
इंदौर।
नगर निगम के बजट सत्र में वंदे मातरम नहीं गाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस जांच तक पहुंच गया है। इस मामले में एमजी रोड थाना पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सोमवार को कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम को थाने बुलाकर उनसे पूछताछ की। पुलिस ने कांग्रेस पार्षद के बयान दर्ज कर लिए हैं।
चार घंटे तक की पूछताछ
पुलिस ने करीब चार घंटे तक फौजिया शेख से पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल-जवाब किए। अधिकारियों ने उनसे यह जानने की कोशिश की कि बजट सत्र के दौरान आखिर क्या परिस्थितियां बनीं, जिसके चलते उन्होंने वंदे मातरम नहीं गाया। पुलिस अब इस मामले में दूसरे पक्ष के बयान भी दर्ज करने की तैयारी में है।
रूबीना इकबाल से भी हो सकती है पूछताछ
जानकारी के अनुसार मंगलवार को कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल को भी थाने बुलाया जा सकता है। उनसे भी पूरे मामले में पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे ताकि घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सके।
क्या है मामला
दरअसल, कुछ दिन पहले नगर निगम का बजट सत्र आयोजित हुआ था। सत्र के दूसरे दिन वंदे मातरम गाने के दौरान कांग्रेस की दो महिला पार्षद फौजिया शेख अलीम और रुबीना इकबाल के गान में शामिल नहीं होने पर सदन में विवाद खड़ा हो गया था। इस बात को लेकर भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई और माहौल काफी गर्म हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद सभापति मुन्नालाल यादव ने फौजिया शेख को सदन से बाहर जाने के निर्देश दिए थे। पहले तो उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए अपनी बात रखने की कोशिश की लेकिन बाद में वह सदन छोड़कर बाहर चली गईं।
बीजेपी के पार्षद दल ने दिया था आवेदन
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भाजपा पार्षद दल ने 9 अप्रैल को संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपकर दोनों पार्षदों की सदस्यता खत्म करने की मांग की थी। साथ ही एमजी रोड थाने में भी शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई थी। इस दौरान भाजपा पार्षदों ने थाने पर नारेबाजी भी की और वंदे मातरम का गान किया था।

दिल्ली से देहरादून अब सिर्फ 2.5 घंटे में, नए एक्सप्रेसवे पर फर्राटा सफर
कोरबा में दो अलग-अलग सड़क हादसों से मचा हड़कंप
प्यार के रिश्ते की दर्दनाक परिणति, 24 साल की विवाहिता की परिवार ने ली जान
छत्तीसगढ़ में अप्रैल में ही जून जैसी भीषण गर्मी
अमेरिका-ईरान के बीच तनाव कम करने की कोशिशें तेज, शांति वार्ता फिर शुरू होने के संकेत