IAS के फार्म हाउस पर जुआ: 14 लाख कैश बरामद, लापरवाही पर थाना प्रभारी समेत 3 सस्पेंड
इंदौर।
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में पुलिस ने एक महिला IAS अधिकारी के फार्म हाउस पर छापा मारकर 18 लोगों को जुआ खेलने के आरोप में हिरासत में लिया है। पुलिस की टीम ने जब वहां दबिश दी तो कुछ लोग मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद आईएएस अफसर ने पुलिस को पत्र भेजकर अपने फार्म हाउस में लोगों के अवैध तौर पर घुसकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की शिकायत की है।
थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
जुआ कांड को लेकर मचे बवाल के बीच एक थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर मानपुर थाना क्षेत्र में आवलीपुरा गांव में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात एक फार्म हाउस पर छापा मारा, तो वहां 18 व्यक्तियों को कथित तौर पर जुआ खेलते वक्त हिरासत में लिया गया, जबकि छह अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
30 फोन और 14 लाख के करीब कैश मिले
उन्होंने बताया कि प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में रहने वाले आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्तों के साथ 30 मोबाइल फोन और 13.68 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। अधिकारियों ने बताया कि फार्म हाउस के मुख्य गेट पर ताला लगा था और इसके अंदर लोग जुआ खेल रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक जुआरियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और जुआ अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
केयरटेकर भी फरार
उन्होंने बताया कि फार्म हाउस पर लोगों को जुआ खिलवाने वाला मुख्य आरोपी जगदीश राठौड़ उर्फ कुबड़ा,फार्म हाउस की देख-रेख करने वाले कर्मचारी रंजीत चौधरी और अन्य लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक फार्म हाउस आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य और उनके परिजनों का है। वैद्य फिलहाल राज्य सरकार के वित्त विकास निगम में प्रबंध संचालक के रूप में पदस्थ हैं।
आईएएस अफसर ने चोरी की शिकायत की
जुआरियों के पकड़े जाने के बाद वैद्य ने पुलिस को पत्र भेजकर कहा कि अज्ञात लोग उनके परिवार के फार्म हाउस में अवैध रूप से घुसे और उन्हें आशंका है कि उन्होंने वहां चोरी भी की। उन्होंने पत्र में इन लोगों के खिलाफ संबद्ध प्रावधानों में अलग आपराधिक मामला दर्ज किए जाने का अनुरोध भी किया।
कौन हैं आईएएस वंदन वैद्य
- आईएएस वंदना वैद्य एमपी की सीनियर अधिकारी हैं
- वह कई जिलों में कलेक्टर भी रही हैं
- आईएएस अफसर वंदना वैद्य अभी वित्त विकास निगम में प्रबंध संचालक हैं
- जुए के अड्डा के बाद कहा कि अवैध रूप से घुसे हैं लोग
- 2009 बैच की आईएएस अधिकारी हैं वंदना वैद्य
जांच के बाद उठाएंगे कदम
इंदौर ग्रामीण एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि आईएएस अफसर के पत्र पर जांच कराई जाएगी और पता लगाया जाएगा कि उनके फार्म हाउस में लोगों ने किस तरह अवैध घुसपैठ की। जांच के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मानपुर पुलिस थाने के प्रभारी, बीट के प्रभारी उप निरीक्षक और एक सहायक उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भी महाकाल मंदिर में गैस संकट नहीं
सदन में गूंजा LPG सिलेंडर संकट, विपक्ष का हंगामा