इंदौर। 
इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में गंदे पानी से हुई 17 मौतों के बाद कांग्रेस 11 जनवरी को न्याय यात्रा निकालेगी। कांग्रेस नेताओं के अनुसार इस यात्रा में राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के दौरान वे भागीरथपुरा जाकर पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
कांग्रेस ने शहर और ग्रामीण स्तर पर बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। न्याय यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि यह प्रदर्शन प्रशासन की लापरवाही और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर होगा। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार सिर्फ श्रेय की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के दबाव के बाद ही कमिश्नर को हटाया गया। वर्मा ने मांग की कि महापौर, कमिश्नर और जल कार्य विभाग के अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। वर्मा ने कहा कि भागीरथपुरा अकेला इलाका नहीं है, ऐसे कई मोहल्ले हैं जहां दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रमिक वर्ग के लोगों को जहरीला पानी पिलाया गया, जिससे 17 लोगों की मौत हुई और कई गंभीर हालत में हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर जैसी स्वच्छ शहर की पहचान रखने वाली नगरी इस घटना से शर्मसार हुई है। प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए वर्मा ने कहा कि वे मन की बात तो करते हैं, लेकिन इस गंभीर घटना पर एक शब्द भी नहीं बोले। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग पीड़ित परिवारों को डराने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस ने यह भी कहा कि नगर निगम में कई सालों से बीजेपी की सरकार है। महापौर, विधायक, सांसद और मंत्री सभी बीजेपी के हैं, ऐसे में कांग्रेस पर जिम्मेदारी डालना गलत है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि वे फिर से भागीरथपुरा जाकर पीड़ित परिवारों से मिलेंगे और एक विस्तृत रिपोर्ट बनाकर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपेंगे। कांग्रेस का कहना है कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो जनता सरकार को जवाब देगी।