इंदौर। 
उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर और उनकी कथित एक्स गर्लफ्रेंड डॉ. रोहिणी घावरी के बीच विवाद गहराता जा रहा है। मुजफ्फर नगर में 26 नवंबर को भीम आर्मी की संविधान रैली में शामिल होने की चुनौती दे चुकी रोहिणी ने अब चंद्रशेखर आजाद रावण का एक कथित ऑडियो जारी किया है। 30 सेकंड के इस ऑडियो में चंद्रशेखर, समाजवादी पार्टी पर खुद को नुकसान पहुंचाने का जिक्र कर रहे हैं। यह ऑडियो रिकॉर्डिंग डॉ. रोहिणी घावरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से सोमवार को जारी की है। इसके साथ ही डॉ. रोहिणी ने लिखा- उसे बीजेपी ने सांसद बनाया। वह उत्तर प्रदेश चुनाव में बीजेपी का साथ देगा। यह मैं नहीं कह रही, चंद्रशेखर ने ही अपने ऑडियो में कहा है। बता दें कि रोहिणी अभी स्विट्जरलैंड में रहती हैं।
रोहिणी द्वारा जारी ऑडियो में यह सुनाई दे रहा
जो मेरे खिलाफ जाएगा, इस इलेक्शन में वो चाहे कांग्रेस हो या समाजवादी...जो भी मुझे नुकसान पहुंचाएगा, उससे मेरा जिंदगी भर के लिए बैर हो जाएगा। फिर चाहे मुझे बीजेपी की मदद क्यों न करना पड़े। बाद में, इनकी खाल उतारने के लिए। ये मेरे लिए है लास्ट बैटल। इस बैटल में अगर कोई घुस गया, मुझे डिस्टर्ब करने के लिए...जैसे समाजवादी के लोग प्रयास कर रहे हैं, तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा। इस आडियो की पुष्टि नहीं की जा सकती है।