इंदौर। 
35 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहर इंदौर में मेट्रो परियोजना (Indore Metro Project) का निर्माण जारी है. वहीं, नगरीय विकास और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने परियोनजा के वास्तुविदो (आर्किटेक्ट्स) पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने बताया कि मेट्रो स्टेशनों के पास पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है, यह उनकी बहुत बड़ी गलती है. बता दें कि इंदौर मेट्रो के 31.32 किलोमीटर का कॉरिडोर बनाया जा रहा है, जिसका 6 साल से निर्माण जारी है. इंदौर मेट्रो में कुल 28 स्टेशन प्रस्तावित हैं.
विजयवर्गीय ने स्थानीय जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना का निरीक्षण किया और परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक की. इसके बाद उन्होंने बताया कि यह मेट्रो परियोजना की डिजाइन में एक बहुत बड़ी गलती है कि वास्तुविदों ने स्टेशनों के पास पार्किंग की योजना बनाने का ध्यान ही नहीं रखा.
किसी भी तरह पार्किंग का रास्ता निकालें
उन्होंने कहा कि वह मेट्रो परियोजना के वास्तुविदों को पहले ही निर्देशित कर चुके हैं कि स्टेशनों के पास किसी भी तरह पार्किंग बनाने का रास्ता निकाला जाए. विजयवर्गीय ने कहा कि मैंने इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) से भी कहा है कि अगर उसके पास जमीन उपलब्ध हो तो वह इसे नाममात्र की कीमत पर मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग के लिए उपलब्ध कराए. आईडीए ने विजय नगर चौराहे के पास एक मेट्रो स्टेशन की पार्किंग के लिए जमीन सुझाई है.