दस साल में नहीं बन पाई इंदौर की एमआर-4, चार किलोमीटर सड़क बनना अब भी अधूरा सपना
इंदौर।
इंदौर में सड़कों का चौड़ीकरण तो हो रहा है, लेकिन नई सड़कें इक्का-दुक्का ही बन पा रही हैं। इनमें से एक है एमआर-4 सड़क। सिंहस्थ-2016 के समय इस सड़क को बनाने का काम शुरू हुआ था, लेकिन 10 साल में भी यह सड़क नहीं बन पाई। अब ढाई साल बाद उज्जैन में सिंहस्थ 2028 लगने वाला है। इस लिहाज से इस सड़क का बनना बेहद जरूरी है, क्योंकि इस सड़क पर दो बस स्टेशन और तीन रेलवे स्टेशन हैं। इंदौर से उज्जैन जाने वाला ट्रैफिक इस सड़क से होकर गुजरेगा, लेकिन अभी भी इस सड़क के निर्माण में न शहर के जनप्रतिनिधि रुचि ले रहे हैं और न ही शहर के जिम्मेदार विभाग। आने वाले समय में शहर के ट्रैफिक को कम करने के लिए यह सड़क बहुत मददगार होगी। इस कारण इस सड़क की गंभीरता को समझना जरूरी है।
50 हजार से ज्यादा वाहनों का ट्रैफिक संभावित
इस सड़क के लिए हुए सर्वे के अनुसार भविष्य में हर दिन 50 हजार से ज्यादा वाहन इस सड़क से होकर गुजरना संभावित हैं, क्योंकि इससे सीधे उज्जैन रोड़ जुड़ रहा है। अभी उज्जैन जाने के लिए परदेशीपुरा, आईटीआई मार्ग, चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा चौराहा होकर जाना पड़ता है। आने वाले समय में सबसे तेज बसाहट सुपर काॅरिडोर में होगी। यहां बड़े माॅल, होटल बन रहे हैं। इस कारण एमआर-4 का उपयोग बढ़ जाएगा।
दो बस स्टेशन, तीन रेलवे स्टेशन जुड़े
एमआर-4 वैसे तो स्वदेशी मिल ब्रिज के नीचे से कुमेड़ी में बने नए अंतरराज्यीय बस स्टेशन तक बनना है, लेकिन स्वदेशी मिल से आगे यह सड़क सरवटे बस स्टेशन, ग्वालटोली रेलवे स्टेशन, पार्क रोड रेलवे स्टेशन से जुड़ी है। इसके अलावा लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन और इंटरस्टेट बस स्टेशन भी इस सड़क से जुड़ा है। यात्रियों के लिए यह सड़क सबसे ज्यादा उपयोगी है। इसके अलावा शहर के बाणगंगा, भागीरथपुरा, श्याम नगर, गौरीनगर, सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र, खातीपुरा जैसे इलाकों को भी यह जोड़ती है।
पिछले सिंहस्थ तक दो लेन बनी
इंदौर रेलवे स्टेशन से बाणगंगा रेलवे क्रॉसिंग तक पिछले सिंहस्थ मेले के दौरान इंदौर विकास प्राधिकरण ने यह सड़क दो लेन बनाई थी। सिंहस्थ मद में इस सड़क को बनाने के लिए राज्य सरकार ने 12 करोड़ रुपये दिए थे। सड़क अधूरी बनी। तीन साल पहले इस सड़क को पूरा करने की जिम्मेदारी नगर निगम ने ली। इस सड़क के लिए सबसे बड़ी बाधा भागीरथपुरा बस्ती है। यहां 200 से ज्यादा निर्माण सड़क में बाधक है। इन्हें हटाना आसान नहीं होगा। छह माह पहले सड़क निर्माण में बाधक छह उद्योगों के निर्माण को तोड़ा गया। चार अन्य कारखानों की बाधा अभी बाकी है।

बेटियों और बहनों के विकास से ही होगा समग्र विकास संभव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
पश्चिम बंगाल में गरजे सीएम योगी, बोले- टीएमसी के गुंडों का ‘यूपी मॉडल’ से होगा इलाज