इंदौर। 
इंदौर में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को लेकर छिड़े विवाद का मामला गर्माता जा रहा है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में अब दिल्ली आलाकमान भी सक्रिय हो गया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली ने पूरी जानकारी तलब की है। वहीं दूसरी तरफ दिग्विजय के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे का कहना है कि मैं उनके खिलाफ कुछ बोलना तो दूर सपने में भी नहीं सोच सकता। वहीं शहर कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मांग की है कि वह चिंटू चौकसे पर कार्यवाही कर पूरे मामले की जांच करवाएं।
पहले जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, इंदौर-4 से बीजेपी विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य सिंह गौड़ के शीतलामाता बजार से जिहादी मानसिकता के लोगों को बाहर करने की मुहिम के बीच दिग्विजय सिंह इंदौर पहुंचे थे। तब दिग्विजय सिंह ने इस मुद्दे से जुड़ी किसी बात पर शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे के खास समर्थक पार्षद राजू भदौरिया को डांट दिया था। इसके बाद दूसरे दिन दिग्विजय प्रभावित मुस्लिम कर्मचारियों, व्यापारियों से मिलने और पुलिस के आला अधिकारियों से बात करने पहुंचे जहां पर जमकर हंगामा हुआ। खास बात यह रही की इस घटनाक्रम के दौरान शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे कहीं नजर नहीं आए। वहीं दूसरे दिन चिंटू चौकसे ने गांधी भवन में हुई जिला स्तरीय समन्वय बैठक में दिग्विजय सिंह का बिना नाम लिए कहा- भोपाल या बाहर से आने वाले नेता बिना किसी सूचना के अपने स्तर पर आयोजन रख लेते हैं। यह अब नहीं चलेगा। इंदौर में कोई भी बड़ा या छोटा नेता आए, उसे पहले शहर और जिला संगठन से चर्चा करनी होगी, तभी कार्यक्रम तय होगा। कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक के दौरान जो बातें चिंटू ने कही थी, उसका वीडियो उन्होंने खुद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया था।
अब जाने क्यों गहराया विवाद
इस पूरे घटनाक्रम के बाद दिग्विजय सिंह के खास समर्थक व पूर्व शहर अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने चिंटू चौकसे को फोन लगाकर कहा- आपको ऐसा मीटिंग में नहीं बोलना चाहिए था। दोनों ही नेताओं के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया। ऑडियो में चौकसे को दिग्विजय के खिलाफ अपशब्द और मां-बहन की गालियां देते हुए सुना जा सकता है। वे चड्ढा से कहते हैं- हम क्या किसी के बाप के नौकर हैं? वहीं, सुरजीत चड्ढा उन्हें समझाने की कोशिश करते हुए दिग्विजय सिंह को 'पिता तुल्य' बताते हैं, मगर चौकसे का गुस्सा कम नहीं होता।
दिल्ली आलाकमान के पास पहुंचा मामला
ऑडियो वायरल होने के बाद इंदौर शहर कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने इस पूरे मामले की शिकायत राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे से की। यादव ने दिल्ली आलाकमान को पत्र लिखकर कहा कि इससे पहले भी इंदौर दौरे के दौरान पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त की उपस्थिति में चिंटू चौकसे ने बैठक में कहा था कि उनकी अनुमति के बिना कोई बड़ा नेता इंदौर नहीं आएगा और न कार्यक्रम करेगा। यह बयान न केवल वरिष्ठ नेताओं का अपमान है, बल्कि संगठन को क्षति पहुंचाने वाला है। हालिया घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर पार्टी अनुशासन के तहत सख्त कार्रवाई आवश्यक है, ताकि संगठन की एकता और गरिमा बनी रहे।