इंदौर। 
मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आज (गुरुवार) इंदौर में एक पुल का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने मंच से कहा कि आज एक और बहुत अहम दिन है. आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 साल पूरे हुए हैं. यह देश अगर बचेगा, तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कारण बचेगा. सनातन जिंदा रहेगा, तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कारण जिंदा रहेगा और इसलिए आज उन्हें यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि वह इस पुल का नाम स्वर्गीय बुध सिंह शेखावत ब्रिज रख रहे हैं. उन्होंने इंदौर के महापौर को कहा था कि इस पुल का नाम हमारे बहुत ही वरिष्ठ नेता, इतने वरिष्ठ नेता कि हम हमेशा उनके चरण छूते थे, बुध सिंह शेखावत के नाम पर रखा जाए. उन्होंने एक किस्सा बताते हुए कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी की 13 दिन की सरकार बनी थी और उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, तो बुध सिंह शेखावत ने उन्हें फोन किया था और कहा था कि अब वह मर भी जाएं, तो कोई चिंता नहीं है क्योंकि वह एक बार आरएसएस के व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते थे. उन्होंने कहा कि इंदौर में एक लाख युवाओं को सनातन से जोड़ेंगे. सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ होगा. इस दौरान विजयवर्गीय ने की युवाओं से अपील करते हुए कहा कि हमारे देश के युवा नशे से दूर रहें.
नकली गांधी का असली गांधी से कोई ताल्लुक नहीं: कैलाश विजयवर्गीय
कैलाश विजयवर्गीय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत शुरू किया. उसका जो सिंबल है, वो गांधी जी का चश्मा है. जो नकली गांधी घूम रहे हैं, उसका उससे कोई ताल्लुक नहीं है. असली गांधी जो थे, उनका चश्मा स्वच्छ भारत का सिंबल है. और लाल बहादुर शास्त्री के बारे में कुछ कहने की जरूरत नहीं है क्योंकि उनके नेतृत्व में हमारे देश की सेना ने 90 हजार लोगों को हथियार डालने के लिए मजबूर किया था. लाल बहादुर शास्त्री के चरणों में उनका प्रणाम है.