विधायकपुत्र की चेतावनी पर 40 मुस्लिम कर्मचारियों को हटाया:इंदौर में विवाद; एकलव्य गौड़ बोले- महिलाओं से जुड़ा बाजार, लव जिहाद का खतरा है
इंदौर।
इंदौर में लव जिहाद रोकने के लिए भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य गौड़ ने शीतलामाता बाजार के व्यापारियों से कहा है कि वे अपनी दुकानों से मुस्लिम कर्मचारियों को हटा दें। गौड़ ने 25 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया था, जो कि कल पूरा हो चुका है। गौड़ का कहना है कि अभी हम एक दिन और देखेंगे। हमारी बात नहीं मानी तो हम इसे अपने तरीके से निपटाएंगे। वहीं, मुस्लिम व्यापारी और कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं। इधर, इस चेतावनी का इंदौर के मार्केट में असर देखने को मिल रहा है। अधिकांश व्यापारियों ने अपने यहां काम करने वाले मुस्लिमों को हटा दिया है। इनका कहना है कि हम सेल्समैनों को निकालना नहीं चाहते, लेकिन निर्देशों का पालन कर रहे हैं। सदियों पुरानी एकता को खत्म किया जा रहा है। हिंद रक्षक के संयोजक और बीजेपी नगर उपाध्यक्ष एकलव्य सिंह गौड़ ने कहा कि हमने 1 महीने पहले शीतलामाता बाजार के व्यापारियों के साथ बैठक की थी। यह बाजार महिला प्रधान है। यहां आने वाले अधिकांश ग्राहक महिलाएं होती हैं। इस बाजार से लगातार हमारे पास कुछ न कुछ शिकायतें आ रही थीं। सेल्समैन छेड़छाड़ करते हैं, रास्ता रोकते हैं और लव जिहाद के क्रियाकलाप में शामिल हैं। शिकायतें मिलने के बाद मैंने व्यापारियों को बुलाया और उनकी बैठक की। इस दौरान मैंने उन्हें विस्तार से लव जिहाद के बारे में बताया।
गौड़ बोले- लव जिहाद अब एक संगठित अपराध बन चुका
गौड़ ने कहा कि छांगुर बाबा का पकड़ाया जाना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि लव जिहाद अब एक संगठित अपराध बन चुका है। इसके लिए बाकायदा फंडिंग हो रही है और इसका नेटवर्क है। इसमें मुस्लिम युवकों को पैसा दिया जाता है ताकि वे हिंदू बहन-बेटियों को अपने झूठे प्यार में फंसा सकें और उनका शोषण कर सकें। मैंने व्यापारियों से आग्रह किया कि कोई भी जिहादी मानसिकता का व्यक्ति हमारे बीच में है तो उसे तत्काल बाहर करना चाहिए। यह हिंदू बहन-बेटियों के मान-सम्मान का प्रश्न है।
'मैंने व्यापारियों को कड़वी सच्चाई से अवगत कराया है'
एकलव्य ने आगे कहा कि मैंने यह कहीं नहीं कहा कि मुस्लिमों को बाहर किया जाए, मैंने कहा कि जिहादी मानसिकता का कोई भी व्यक्ति हो, उसे तुरंत बाहर करना चाहिए। वहीं कौन जिहादी मानसिकता वाला व्यक्ति है और कौन नहीं, यह व्यापारियों को तय करना चाहिए। हमने एक आग्रह और अपील के साथ उन्हें इस कड़वी सच्चाई से अवगत कराया है।

बेटियों और बहनों के विकास से ही होगा समग्र विकास संभव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
पश्चिम बंगाल में गरजे सीएम योगी, बोले- टीएमसी के गुंडों का ‘यूपी मॉडल’ से होगा इलाज