इंदौर। 
इंदौर-उज्जैन रोड पर तेज रफ्तार में बस दौड़ा रहे ड्राइवर को राहगीरों ने पीट दिया। यह बस विधायक गोलू शुक्ला की बाणेश्वरी ट्रेवल्स के नाम से चल रही थी। ड्राइवर की पिटाई हादसे के दो दिन बाद हुई। वीडियो 4 दिन बाद मंगलवार को सामने आया है। घटना अरविंदो हॉस्पिटल के पास बीकानेर स्वीट्स के सामने की है।
वीडियो में दिख रहा है कि बस को राहगीरों ने रोका और ड्राइवर को नीचे उतरने को कहा। जैसे ही ड्राइवर नीचे उतरा, वहां मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। वह भागने लगा, लेकिन लोगों ने पकड़कर फिर से पीट दिया। बाणगंगा थाना टीआई सियाराम गुर्जर ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है, एफआईआर भी दर्ज नहीं की गई। हालांकि ये वो बस ड्राइवर नहीं है, जिसकी लापरवाही से 18 सितंबर की रात को बड़ा हादसा हुआ था।