इंदौर। 
 विश्व का सबसे बड़ा नवरात्रि पंडाल इंदौर में बनकर तैयार है. यहां भव्‍यता तो देखने वाली है, लेकिन यहां होने वाले अनुष्‍ठान और हवन-पूजा भी अपने आप में दिव्‍य होगी. देश भर में नवरात्रि महोत्सव शुरू हो चुका है हर तरफ ढोल नगाड़े और गरबे का शोर है. लेकिन इंदौर में एक अलग ही कीर्तिमान रचा जा रहा है जहां इस बार विश्व का सबसे बड़ा नवरात्रि पंडाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. 30 एकड़ में फैले इस पंडाल में एक करोड़ मंत्रों का जाप होने वाला है. इस कार्यक्रम का आयोजन कृष्णगिरि पीठाधीश्वर पूज्यपाद जगतगुरु श्री श्री 1008 आचार्य वसंत विजयानंद गिरिजी महाराज द्वारा किया जा रहा है. इस पूरे पंडाल की लागत करीब 300 करोड़ रुपए बताई जा रही है जिससे जुलाई माह से अब तक चार राज्यों के 500 से ज्यादा कलाकारों ने मिलकर बनाया है. पंडाल का द्वार ही करीब 425 फीट चौड़ा है जो इसकी भव्यता दर्शाता है. यहाँ 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक एक करोड़ कुमकुम पूजा और 30 हजार किलो औषधियों और 7 हजार लीटर घी से हवन किया जाएगा.
सभी 12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृति, पंडाल की खासियत 
पंडाल के पास पहुंचते ही आपको एक विशाल द्वारा मिलता है इसके बाहर काफी बड़ा कलश है. मां दुर्गा के दर्शन के लिए गुफा नुमा एक भव्य मंदिर बनाया गया है. पंडाल में सभी 12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृति बनी हुई है साथ ही चार धामों की प्रतिकृति भी मौजूद है. यहां भक्ति सभी के साथ दर्शन कर सकते हैं. साथ ही मां अहिल्याबाई, राजवाड़ा और खजराना, की प्रतिकृति भी बनाई गई है.