इंदौर । 
इंदौर के एमवाय अस्पताल में हुए चूहाकांड में प्रभारी विभागााध्यक्ष डाॅ. मनोज जोशी को निलंबित कर दिया है,जबकि विभागाध्यक्ष डाॅ. ब्रजेश लाहोटी का विभाग बदला है। स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा आयुक्त ने प्रभारी विभागाध्यक्ष के खिलाफ एक्शन लिया है। उन्होंने अपने आदेश में कहा कि भर्ती नवजात बच्चियों के उपचार में लापरवाही बरती गई। जोशी ने अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं लिया। इस कारण अस्पताल में इस तरह की घटना सामने आई है। इस कारण उन्हें निलंबित किया जाता है। उधर एमवाय अस्पताल अधीक्षक अशोक यादव अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर पंद्रह दिन की छुट्टी के लिए एमजीएम काॅलेज के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से छुट्टी मांगी है। उनका अवकाश स्वीकार करते हुए डाॅ. बसंत निगवाल को प्रभारी अधीक्षक बनाया गया है।
परिजनों को दिया पांच लाख का चेक
एमवाय अस्पताल में मृत नवजात बच्चियों को जयस पार्टी के पदाधिकारी कलेक्टर शिवम वर्मा के पास लेकर गए। उन्होंने कहा कि घटना के दोषी अफसरों पर एक्शन लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि एक्शन नहीं लिया गया तो गुरुवार को जयस कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा नवजात बच्ची के परिजनों को पांच लाख का चेक भी दिया गया। अभी तक इस मामले में छह से अधिक चिकित्सकों को निलंबित किया जा चुका है। एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी भी गठित की गई है।