इंदौर। 
इंदौर में निर्माण एजेंसियों की लापरवाही को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। यह पत्र शहर में आवागमन संबंधी निर्माणाधीन परियोजनाओं में सुरक्षा और समन्वय की कमी को लेकर है।
ये लिखा है महापौर ने पत्र में
महापौर ने लिखा है कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और आवागमन को सुगम करने के लिए शासन द्वारा मध्यप्रदेश रोड विकास प्राधिकरण, इंदौर विकास प्राधिकरण, मेट्रो विभाग और नेशनल हाईवे अथॉरिटी के जरिए फ्लाईओवर निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
पूर्व में इन विभागों के साथ समन्वय बैठक कर निर्देश दिए गए थे कि निर्माण कार्य जारी रखते हुए वैकल्पिक मार्ग और सर्विस रोड को सुचारू रखें, ताकि आमजन को असुविधा न हो और दुर्घटनाओं की संभावना न रहे।
एजेंसियों की अनदेखी से बिगड़ रही छवि
मेयर ने लिखा है कि इन विभागों की अकर्मण्यता (लापरवाही) के कारण वैकल्पिक मार्गों पर बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं और राज्य शासन, प्रशासन, नगर निगम और सरकार की छवि पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।आम नागरिक जानकारी के अभाव में नगर निगम को दोषी मानते हैं, जबकि इसके लिए निर्माण एजेंसियां जिम्मेदार हैं।

बैठक के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
महापौर ने यह भी लिखा कि 6 सितंबर को एक बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वैकल्पिक मार्ग और सर्विस रोड को दुरुस्त किया जाए, गड्ढों को भरा जाए और यातायात को सुरक्षित बनाया जाए। लेकिन संबंधित विभागों ने इसे अनदेखा किया है, जो अनुचित है।उन्होंने मुख्य सचिव से आग्रह किया कि संबंधित विभागों की लापरवाही पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए ताकि जनता को हो रही असुविधा और दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।