इंदौर । 
इंदौर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एअर इंडिया की दिल्ली से इंदौर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। बताया जा रहा है कि लैंडिंग से पहले पायलट को इंजन में तकनीकी खराबी नजर आई थी, जिसके बाद उसने एटीसी को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 161 यात्री सवार थे। सभी को सुरक्षित निकाला गया है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से इंदौर आ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-1028 के पायलट को लैंडिंग से पहले इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। सुरक्षा के तहत इंदौर एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, CISF की टीमें
जैसे ही एटीसी कंट्रोल से विमान के बारे में सूचना मिली, एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और CISF की टीमें तैनात कर दी गईं। विमान सुबह 9.54 बजे सुरक्षित तरीके से उतारा गया। तकनीकी टीम ने विमान में खराबी की जांच शुरू कर दी है। इसके बाद विमान को दिल्ली वापस भेजा जाएगा।