मंच पर जगह नहीं, सीढ़ियों पर बैठे कांग्रेस के नए अध्यक्ष; जीतू पटवारी ने दिया सियासी ‘गुरुज्ञान’, कई दिग्गज रहे गायब
इंदौर।
कांग्रेस के प्रदर्शन में एक अजीब वाकया हुआ। कांग्रेस के दोनों नए अध्यक्षों को मंच पर जगह नहीं मिली। दोनों अध्यक्ष मंच से लगी सीढ़ियों पर बैठ गए। कुछ नेताओं ने उन्हें ऊपर बैठने कहा, लेकिन वे वहीं बैठे रहे। इस पर उनके साथ कांग्रेस के कुछ दूसरे नेता भी दोनों अध्यक्षों के आसपास आकर बैठ गए।
इधर, मंच से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दोनों नए अध्यक्षों को गुरुज्ञान दे दिया। उन्होंने बताया कि पद मिलता है तो कैसे काम किया जाता है। ये वाकया गुरुवार को मोतीतबेला चौराहे पर सभा के दौरान देखने को मिला। सभा के पहले ही दोनों नए अध्यक्षों ने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर जाकर पदभार ग्रहण किया था।
इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष विपिन वानखेड़े का कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर पदभार ग्रहण था। इसके बाद लोकतंत्र की रक्षा और जनता के अधिकारों की आवाज को बुलंद करने के लिए वोट चोरी विरोध यात्रा निकाली जाने वाली थी। यात्रा के पहले मोतीतबेला चौराहे पर एक सभा भी आयोजित की गई थी। दोपहर में चिंटू चौकसे और विपिन वानखेड़े ने राजबाड़ा पर देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वहां से कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पहुंचे। जहां दोनों ने अपना-अपना पदभार ग्रहण किया। भगवान का पूजन-अर्चन किया। पदभार ग्रहण करने के बाद दोनों सभा स्थल पहुंचे। जहां कांग्रेस समर्थकों की भारी भीड़ थी। इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष चिंटू चौकसे कभी मंच से माइक के माध्यम से भीड़ को संभालते तो कभी भीड़ के बीच में जाकर उन्हें बैठने का बोलते। वहीं दूसरी तरफ मंच पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी सहित पार्षद व वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं आदि मौजूद रहे। मंच पर नेताओं के भाषण का दौर चल रहा था।
मंच पर आए और वहीं सीढ़ियों पर बैठे चौकसे, वानखेड़े को भी वहीं बैठाया
मंच पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी अपना भाषण दे रहे थे। भीड़ को संभालने के बाद चिंटू चौकसे मंच पर आए पटवारी सहित अन्य नेताओं से मिले। मंच पर जगह नहीं दिखी तो वे मंच के आगे लगी सीढ़ियों पर ही बैठ गए। इस बीच मंच पर बैठे कुछ नेताओं ने उन्हें ऊपर बैठने का बोला, लेकिन वे वहीं बैठे रहे। इसके बाद विपिन वानखेड़े भी यहां पहुंचे। जिस पर चिंटू चौकसे ने उन्हें अपने पास ही सीढ़ियों पर बैठा लिया। दोनों अध्यक्षों को मंच पर नीचे बैठा देख आसपास दूसरे कांग्रेस नेता व समर्थक भी बैठ गए। हरीश चौधरी के भाषण के बाद चौकसे उठे और माइक से संबोधित करने लगे।

नए स्मार्टफोन नथिंग फोन (4ए) की है आकर्षक डिजाइन