इंदौर। 
इंदौर से 23 अगस्त को लापता हुई 22 वर्षीय श्रद्धा तिवारी शुक्रवार सुबह अपने पति के साथ एमआईजी थाने पहुंच गई। पुलिस अब उससे पूरे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।
मंदसौर में मिली जानकारी
पुलिस को गुरुवार देर रात जानकारी मिली थी कि श्रद्धा मंदसौर में है और उसने अपने माता-पिता से संपर्क भी किया है। इसके बाद से ही परिवार को उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद जगी थी।
परिवार का अनोखा टोटका
गुजराती कॉलेज की सेकेंड ईयर की छात्रा श्रद्धा की गुमशुदगी के बाद परिजनों ने उसके घर के बाहर उल्टी तस्वीर टांग दी थी। साथ ही यह भी घोषणा की थी कि जो भी उसे घर लाएगा, उसे 51 हजार रुपए इनाम दिया जाएगा। परिजनों का मानना था कि उल्टी तस्वीर टांगने से गुमशुदा व्यक्ति लौट आता है। इसी विश्वास के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। ऐसा ही टोटका कुछ समय पहले राजा रघुवंशी हत्याकांड की मास्टरमाइंड सोनम रघुवंशी के पिता ने भी अपनाया था।
मोबाइल घर पर छोड़कर गई थी
श्रद्धा घर से जाते समय अपना मोबाइल वहीं छोड़ गई थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने उसकी सहेली से पूछताछ की थी। इसमें पता चला कि परिजन ने उसे किसी बात को लेकर फटकारा था।
सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में श्रद्धा पहले घर के पास से गुजरती दिखी थी। इसके बाद वह गली से निकलकर लोटस शोरूम के सामने से होते हुए एमआर-4 की ओर जाती नजर आई। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस को आशंका थी कि वह उज्जैन की ओर जा सकती है।