'मांगें नहीं मानीं तो चुनाव में होगा नुकसान': हरदा में मूंग किसानों की सरकार को दो-टूक चेतावनी
हरदा।
हरदा के पास इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे पर किसानों ने बुधवार को चक्काजाम कर दिया। वह मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी समर्थन मूल्य (MSP) पर कराने, खरीदी केंद्र बढ़ाने और खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि के भुगतान की मांग कर रहे हैं। करीब 5 हजार किसान हाईवे पर टेंट लगाकर धरने पर बैठे हैं। इस वजह से यातायात प्रभावित हो गया और इंदौर व हरदा के बीच आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने 500 पुलिस जवान तैनात किए हैं, जबकि किसान नेताओं ने जिलेभर से 20 हजार किसानों के जुटने का दावा किया है।
हाईवे पर टेंट लगाने को लेकर हुआ विवाद
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने नेशनल हाईवे पर टेंट लगाकर धरना शुरू किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क पर टेंट लगाने से मना किया तो कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में एसडीएम की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और किसान धरने पर बैठे रहे।आम किसान यूनियन के नेता राम इनानिया ने कहा कि आंदोलन में जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से किसान लगातार पहुंच रहे हैं। उनका दावा है कि चक्काजाम में 20 हजार से अधिक किसान शामिल होंगे।
ये हैं किसानों की प्रमुख मांगें
- ग्रीष्मकालीन मूंग की पूरी उपज की खरीदी MSP पर की जाए।
- जिले में खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए।
- खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि किसानों के खातों में जमा की जाए।
सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
किसानों का कहना है कि इस बार सरकार केवल 25 प्रतिशत मूंग की खरीदी कर रही है। पहले प्रति हेक्टेयर 10 से 12 क्विंटल तक खरीदी होती थी, जबकि इस बार उत्पादन बढ़ने के बावजूद खरीद सीमा घटाकर लगभग 3 क्विंटल प्रति हेक्टेयर कर दी गई है। किसानों ने इसे वादाखिलाफी बताते हुए विरोध दर्ज कराया। चक्काजाम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसपी शशांक ने बताया कि नर्मदापुरम, रायसेन, बैतूल, इंदौर और छिंदवाड़ा से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। प्रदर्शन स्थल और हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
कलेक्टर और एसपी ने लिया जायजा
आंदोलन शुरू होने से पहले कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, एसपी शशांक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। हाईवे पर धरना और चक्काजाम के कारण इंदौर से हरदा और हरदा से इंदौर जाने वाले यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। प्रशासन स्थिति सामान्य बनाए रखने और यातायात को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटा रहा।

राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान
सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, द कलेक्टर्स-15 से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत
मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
प्रधानमंत्री मोदी ने सीधी जिले में बने 1500 तालाबों और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का मन की बात में किया उल्लेख
युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा नया आयाम : वित्त मंत्री ओपी चौधरी