ग्वालियर।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह शनिवार को ग्वालियर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे लोकतंत्र की जीत बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि अब फैसला प्रधानमंत्री के हाथ में है कि वे इस्तीफा स्वीकार करते हैं या नहीं। यदि ऐसा नहीं हुआ तो प्रधानमंत्री से भी इस्तीफे की मांग उठ सकती है। ग्वालियर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही थी। अब उनके इस्तीफा देने के बाद यह लोकतंत्र की जीत है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि अब धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार करना या न करना प्रधानमंत्री का अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया तो जनता प्रधानमंत्री से भी इस्तीफे की मांग करना शुरू कर सकती है।