ग्वालियर। 
ग्वालियर की विशेष एससी-एसटी कोर्ट ने पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। दिनेश लोधी करीब 3 साल मारपीट केस में फरार है। 2 लोगों को लाठी-डंडे और लोहे की सरिया से पीटा था। सिर फोड़ दिया था। कोर्ट में पेशी में भी शामिल नहीं हुआ। कोर्ट के आदेश के बाद विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा- बेटे को बिना किसी देरी के कोर्ट में सरेंडर कर देना चाहिए। हमारा परिवार कोर्ट का पूरा सम्मान करता है। कानूनी प्रक्रिया का पालन करेगा। कोर्ट का फैसला सही है।
कहा- मैंने हमेशा अदालत के आदेशों का पालन किया
प्रीतम लोधी ने कहा- मेरे खिलाफ भी कई मुकदमे चले, लेकिन उन्होंने हमेशा कोर्ट के आदेशों का पालन किया। बाद में कोर्ट ने उन्हें सभी मामलों में बरी कर दिया। करीब 35 साल पहले एक मजिस्ट्रेट ने उन्हें बरी करते समय कहा था कि वे गरीबों की सेवा करेंगे। एक दिन विधायक बनेंगे। आज वे विधायक बनकर जनता की सेवा कर रहे हैं।
दावा- तीन बार खुद बेटे को थाने में पेश करा चुका हूं
विधायक ने दावा किया कि वे पहले भी तीन बार दिनेश लोधी को स्वयं चौकी थाने में पेश करा चुके हैं। मैंने कई इनामी डकैतों को भी सरेंडर कराया है। जब मैं डकैतों को लेकर चौकी थाना पहुंचता था, तो चौकी थाना हिल जाता था। पुलिस कहती थी कि जिन लोगों को हम पकड़ नहीं पा रहे, उन्हें प्रीतम लोधी खुद हाजिर करा रहे हैं।
खेत पर विवाद के बाद लाठी-डंडे और सरियों से पीटा था
यह पूरा मामला 12 मार्च 2023 की रात करीब 8:30 बजे का है। बरौआ निवासी कोकसिंह किरार (38) ने अपने भतीजे राजेश किरार के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक बायपास बरौआ के कच्चे रास्ते पर स्थित उनके खेत और ट्यूबवेल पर वे अपने भतीजे मनोज राजपूत के साथ फसल में पानी दे रहे थे।
उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान एक लाल रंग का आयशर ट्रैक्टर वहां आकर मोटरसाइकिल के पास रुका। कोकसिंह बाइक हटाने पहुंचे तो ट्रैक्टर के पीछे स्कॉर्पियो (GJ16 AU 6734) और बुलेट (MP07 NL 5581) से कुछ लोग वहां पहुंचे। शिकायत के अनुसार ट्रैक्टर चालक पवन सोलंकी ने किसी एक्सीडेंट की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद सभी ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी। दिनेश लोधी ने भी मारपीट की।
सिर फूटा, सरिया-डंडों से हमला, जान से मारने की धमकी
शिकायत में कहा गया कि जब कोकसिंह और उनके भतीजे मनोज राजपूत ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने दोनों पर लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से हमला कर दिया। हमले में कोकसिंह के सिर में गंभीर चोट लगी और खून निकल आया, जबकि दाहिने हाथ की बाजू में सूजन आ गई। मनोज राजपूत के सिर के पीछे चोट लगी, जिससे खून निकला। उसके बाएं हाथ, मुट्ठी और बाईं आंख पर भी चोटें आईं। वहीं ट्रैक्टर चालक पवन सोलंकी के साथ भी मारपीट हुई, जिसमें उसके सिर, पीठ, पसलियों, सीने और हाथ में चोटें आईं। शिकायत के मुताबिक शोर सुनकर राजेश किरार मौके पर पहुंचे और तीनों को बचाया। उन्होंने स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल के नंबर भी नोट कर लिए। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि यदि थाने में रिपोर्ट की तो जान से मार देंगे। इसी मारपीट के मामले में कार्रवाई के दौरान अब विशेष एससी-एसटी अदालत ने दिनेश लोधी को फरार घोषित करते हुए उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।