ग्वालियर।
बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ग्वालियर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया पर भड़कते नजर आए। प्रेस वार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने आधा घंटे तक उनके द्वारा बोली जा रही बातों को सुनने के बाद उनसे मूल विषय पर आने और मंच जैसा भाषण न देने की बात कही तो सांसद नाराज हो गए। हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के मुख्य मुद्दे पर बात की और अंत में मीडिया से अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्वालियर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद पप्पू यादव करीब आधे घंटे से राजनीतिक मुद्दों पर बोलते रहे। इसी दौरान मौजूद पत्रकारों ने उनसे कहा कि इन विषयों पर कई नेता पहले भी बोल चुके हैं और प्रेस वार्ता जिस विषय को लेकर बुलाई गई है, उसी पर जानकारी दीजिये, पत्रकारों ने यह भी कहा कि "मंच का भाषण देना बंद कीजिए।"इतना सुनते ही पप्पू यादव का लहजा तल्ख हो गया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "आप तय मत करिए पप्पू यादव को... हम बहुत सारे पत्रकार देखे हैं।" उनके इस जवाब से प्रेस कॉन्फ्रेंस का माहौल कुछ देर के लिए गर्मा गया और पत्रकारों ने भी नाराजगी जताई। इसके बाद पप्पू यादव ने प्रेस वार्ता के मूल विषय पर बोलना शुरू किया और अभियान की जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त होने से पहले उन्होंने अपने तेवर नरम करते हुए मीडिया से कहा कि अगर उनके किसी शब्द से किसी को बुरा लगा हो तो वह सभी पत्रकारों से माफी मांगते हैं।बहरहाल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद और पत्रकारों के बीच हुई यह तीखी नोकझोंक अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है और इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।