ग्वालियर में 'हथियारबंद' बीजेपी नेता का तांडव: जेसीबी से तोड़ी दीवार, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
ग्वालियर।
ग्वालियर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक भाजपा नेता पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि जमीन विवाद में बीजेपी नेता कुछ साथियों के साथ हथियार लेकर पहुंचे थे। भाजपा नेता पर बाउंड्रीवाल तोड़ने और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित विजय अग्रवाल (49) निवासी गणपति विहार कॉलोनी, तानसेन रोड हजीरा ने बताया कि उनकी पत्नी वर्षा अग्रवाल और उनके साथी अनिल शिवहरे ने गिरवाई थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव के पास एबी रोड के किनारे लगभग सात बीघा जमीन खरीदी है। इस जमीन पर सभी अनिवार्य अनुमति लेकर एक कॉलोनी बनाई जा रही है। आरोप है कि बीती 8 अप्रैल को पड़ोसी जमीन मालिक और भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किशन मुदगल, जितेंद्र मुद्गल और राधारमन शर्मा कई लोगों के साथ मौके पर पहुंचे।आरोप है कि भाजपा नेता समेत उनके साथियों ने मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी के साथ ही जेसीबी मशीन से कॉलोनी की बाउंड्रीवाल को तोड़ना शुरू कर दिया। मामले में विरोध करने पर कॉलोनी के चौकीदार और काम में जुटे मजदूरों से मारपीट का आरोप भी लगाया गया। मौके पर अफरा-तफरी मची देख आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। तभी आरोपी लोगों को आते देख भाग निकले। इस पूरी घटना का वीडियो कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपा गया है। पीड़ित कि शिकायत पर आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

बंगाल में पीएम मोदी का बड़ा बयान, TMC पर साधा निशाना
संजय सिंह का हमला—“राघव चड्ढा ने पंजाब की पीठ में घोंपा छुरा”