ग्वालियर। 
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। बैतूल और ग्वालियर में शनिवार शाम तेज ओलावृष्टि हुई, जबकि प्रदेश के 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है। सिवनी और रीवा में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई है। आज भी कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम के एक्टिव होने से मध्य प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में भोपाल-ग्वालियर समेत 45 जिलों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। प्रदेश के बीच से एक टर्फ गुजर रही है, जबकि ऊपरी हिस्से में दूसरी टर्फ सक्रिय है। वहीं पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में दो चक्रवाती सिस्टम भी बने हुए हैं। शनिवार को ग्वालियर में शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ ओले गिरे। उधर, बैतूल जिले के मुलताई के डहुआ क्षेत्र में भी करीब 4 बजे से तेज ओलावृष्टि शुरू हो गई। बेर के आकार के ओले गिरने से सड़कें सफेद नजर आने लगीं।
कहीं बारिश, कहीं बूंदा-बांदी
प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम बदला हुआ है। सतना में सुबह तेज हवा के बाद बारिश हुई। नर्मदापुरम और नरसिंहपुर में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि सिवनी में रिमझिम बारिश हुई। मुरैना में हल्की बारिश के साथ मौसम ठंडा हुआ। इससे पहले शुक्रवार रात सिवनी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। बरघाट के मंडी गांव में 6 साल के प्रांशु मरकाम और डूंडासिवनी के बंजारी गांव में रमजान खान की जान चली गई। वहीं रीवा जिले के हरदिहा गांव में बिजली गिरने से भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों जंगल में महुआ बीनने गए थे, जिनमें सविता की शादी इसी महीने तय थी। रायसेन जिले में खराब मौसम का असर फसलों पर भी पड़ा है। रामपुर मनियाखेड़ी रोड के आसपास कई खेतों में गेहूं की फसल खराब हो गई।
कई जिलों में आंधी चलने का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, दमोह और कटनी में ओले और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, ग्वालियर समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा श्योपुर, मुरैना, बैतूल, भिंड, निवाड़ी और टीकमगढ़ में 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।