ग्वालियर।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर लोग हैरान हैं। धरती अचानक फट गई और पानी का सैलाब आ गया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। वीडियो देखकर लोग अचंभित थे लेकिन अब सच सामने आ गया है।
ये है पूरा मामला
दरअसल, यह पूरा मामला ग्वालियर स्थित अर्बन ग्रीन सिटी इलाके का है। रात को जमीन के अंदर से अचानक पानी निकलने लगा है। अंदर से आ रहे पानी की वजह से गलियों में नदी बहने लगी। इस दौरान कॉलोनी के लोग भयभीत हो गए कि अचानक पानी कहां से आ गया। बाद में पता चला कि इलाके में बिछी बरसों पुरानी अंडरग्राउंड पाइपलाइन अचानक फट गई है। इसके बाद अंदर से भारी मात्रा में पानी बाहर आने लगा।
घटना का सीसीटीवी वीडियो आया सामने
वहीं, इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि कुछ सेकंड पहले तक हालात पूरी तरह सामान्य थे। फिर अचानक जमीन से तेज धार में पानी निकलने लगा। अचानक जमीन से पानी फूटने से इलाके में दहशत फैल गई। लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पानी सप्लाई बंद की
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पानी की सप्लाई बंद कर दी। साथ ही पाइपलाइन मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर ग्वालियर शहर की जर्जर अंडरग्राउंड पाइपलाइन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल ये है कि क्या नगर निगम किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है। पानी का बहाव इतना तेज था कि घर को भी बड़ा नुकसान हो सकता था। पाइपलाइन अंदर डला है। इसके बावजूद पक्का को तोड़कर पानी बाहर आ गया।