ग्वालियर।
नेशनल हाईवे-44 पर सिकरौदा चौराहा ग्वालियर–झांसी हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवकों का हादसे से ठीक पहले का वीडियो सामने आया है। वीडियो में सभी युवक चलती फॉर्च्यूनर कार के अंदर गाना बजाते हुए नाचते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं। बताया गया कि यह वीडियो खुद युवकों ने हादसे से कुछ मिनट पहले सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वहीं, हादसे के बाद प्रशासन ने भी सख्ती बढ़ा दी है।
130-150 की रफ्तार में थी कार
रविवार की अलसुबह हुई इस दुर्घटना में फॉर्च्यूनर कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पांचों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तकनीकी जांच और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अनुमान लगाया है कि हादसे के समय कार की रफ्तार 130 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच थी।
वीडियो की वजह से तो नहीं ध्यान भटका
वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन हटवाए। मृतकों की पहचान होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय गाड़ी कौन चला रहा था और क्या वीडियो बनाने के कारण ड्राइवर का ध्यान भटका।
परिजन हैं बदहवास
उधर, इस दर्दनाक हादसे के बाद पांचों मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। परिवारजन बदहवास हैं और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर अक्सर तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए सख्त निगरानी जरूरी है। सिरोल थाना पुलिस सभी तकनीकी पहलुओं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की विवेचना जारी रखे हुए है।