एसपी ऑफिस में लव मेरिज को लेकर बवाल, युवक और युवती के चले लात-घूंसे, जमकर की एक दूसरे से मारपीट
ग्वालियर।
ग्वालियर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर लव मैरिज को लेकर जमकर बवाल हो गया। युवक-युवती के परिवार आमने-सामने आ गए और सड़क पर ही आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। गाड़ियों के बीच सड़क पर हंगामा देख राहगीर भी रुककर तमाशा देखने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों परिवारों को समझाइश देकर सड़क से हटाया। पुलिस ने बताया कि 18 वर्षीय युवती, जिसकी गुमशुदगी थाना हजीरा में दर्ज थी, हजीरा इलाके की रहने वाली है। जांच में पता चला कि वह 22 वर्षीय हर्ष श्रीवास्तव, निवासी गधाईपुरा (थाना हजीरा) के साथ है। पूछताछ में युवती ने बताया कि उसने आर्य समाज मंदिर में हर्ष श्रीवास्तव से शादी कर ली है। दोनों ही बालिग हैं और अपनी इच्छा से विवाह कर सकते हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर जब दोनों परिवार पहुंचे तो मामला गरमा गया और दोनों पक्ष भिड़ गए। बाद में पुलिस ने समझाया कि युवक-युवती बालिग हैं और अपने विवाह का निर्णय लेने में सक्षम हैं। यदि परिवार चाहे तो कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। समझाइश के बाद दोनों पक्ष शांत होकर अपने-अपने घर चले गए। हालांकि, पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें युवक-युवती की लव मैरिज को लेकर दोनों परिवारों में हुआ हंगामा और मारपीट स्पष्ट दिखाई दे रही है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ सिस्टम, 7 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
जिस वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार थे भागवत........उस पर हरदोई में हुई पत्थरबाजी 