गुना।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का मध्य प्रदेश के गुना में एक बेहद अनूठा और सादगी भरा रूप देखने को मिला है। गुना दौरे पर पहुंचे ग्वालियर राजपरिवार के मुखिया ने न केवल महिला स्व-सहायता समूहों की हौसलाअफजाई की, बल्कि प्रोटोकॉल और सुरक्षा घेरे को दरकिनार कर एक आम नागरिक की तरह महिलाओं के बीच बैठकर रसोई की कमान संभाल ली। उनके इस आत्मीय अंदाज को देखकर वहां मौजूद लोग और उनके समर्थक दंग रह गए। यह दिलचस्प वाकया गुना के हरिपुर पंचायत क्षेत्र का है, जहां केंद्रीय मंत्री आजीविका मिशन के तहत संचालित 'जीजी की पंचायत' नामक सामुदायिक संस्था का मुआयना करने पहुंचे थे। यहां महिलाओं को गर्मा-गरम पूड़ियां बनाते देख सिंधिया खुद को रोक नहीं पाए और उनके पास जमीन पर बैठ गए।
किचन में थामा बेलन, महिलाओं संग बेलीं पूड़ियां
रसोई में पहुंचकर उन्होंने तुरंत हाथ में बेलन थामा और धड़ाधड़ पूड़ियां बेलना शुरू कर दिया। सिंधिया के 25 वर्षों के लंबे राजनीतिक जीवन में ऐसा नजारा पहली बार देखने को मिला है। रसोई में महिलाओं की मदद करने के बाद उन्होंने वहां मौजूद पीएम स्वनिधि योजना की लाभार्थियों और क्षेत्र की प्रसिद्ध ‘ड्रोन दीदी’ किरण अहिरवार सहित चंदा बैरागी, सोना खान, मीनाक्षी और कामिनी शर्मा से सीधा संवाद किया और उनकी सफलता की कहानियां सुनीं।
गुना के हरिपुर पंचायत में महिला स्व-सहायता समूह के कार्यक्रम में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया।
'जीजी की पंचायत' की रसोई में पहुंचकर केंद्रीय मंत्री ने महिलाओं के साथ खुद पूड़ियां बेलीं।
कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने प्रसिद्ध 'ड्रोन दीदी' किरण अहिरवार समेत कई महिलाओं से सीधा संवाद किया।
1 करोड़ रुपये या उससे अधिक टर्नओवर वाले महिला समूहों को सांसद निधि से लोडिंग वाहन देने की घोषणा की।
केंद्रीय मंत्री ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को विकसित भारत 2047 की मुख्य नींव बताया।
महिला समूहों को लोडिंग वाहन देने का बड़ा ऐलान
इस सम्मेलन में महिलाओं को आर्थिक रूप से और अधिक आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री ने मंच से एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के जिन स्वयं सहायता समूहों का टर्नओवर 1 करोड़ रुपये या उससे अधिक होगा और जिन्हें अपने सामान को बाजार तक ले जाने में परेशानी आ रही है, उन्हें माल के परिवहन के लिए सांसद निधि से लोडिंग वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। इस एहतियाती मदद से ग्रामीण महिलाओं का व्यापारिक दायरा और मजबूत होगा।