गुना।
सरकारी महकमों में बाबू और बाबूगिरी के किस्से तो आपने बहुत सुने होंगे, लेकिन गुना नगरपालिका के एक ताजा आदेश ने तो जैसे पूरी व्यवस्था को ही 'रोमांटिक' रंग में रंग दिया है। गुना जिले में जनगणना की तैयारियां परवान पर हैं। वहीं, नगर पालिका द्वारा जारी एक सूची ने शहर के गलियारों में ठहाकों और चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया है। दरअसल, गणनाकारों की इस आधिकारिक लिस्ट में एक ऐसा नाम शामिल हो गया है, जिसे पढ़कर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं।
आदेश की पांचवीं लाइन और 'वो' नाम
दरअसल, गुना नगरपालिका ने जनगणना के दूसरे चरण के लिए 36 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। गांधी वोकेशनल कॉलेज में 17 से 19 अप्रैल तक होने वाली इस ट्रेनिंग के लिए बकायदा एक सूची जारी की गई। जैसे ही यह आदेश सार्वजनिक हुआ, सबकी नजरें सीरियल नंबर 5 पर जाकर टिक गईं। यहां कर्मचारी के नाम के आगे साफ अक्षरों में 'गर्लफ्रेंड पंत' लिखा हुआ था। हद तो तब हो गई जब उनकी यूजर आईडी में भी 'girlfriend' शब्द का इस्तेमाल किया गया। सरकारी दस्तावेज में इस तरह के नाम की एंट्री देख हर कोई दंग रह गया।
सर्च किया तो खुला 'प्रेमिका' का राज
आदेश वायरल होते ही जब जांच-पड़ताल का सिलसिला शुरू हुआ तो मामला और भी दिलचस्प हो गया। सूची में दिए गए मोबाइल नंबर को जब ट्रूकॉलर और अन्य डेटाबेस पर सर्च किया गया तो पता चला कि कर्मचारी का असल नाम 'प्रेमिका पंत' है। संभवतः किसी ने 'प्रेमिका' शब्द का अंग्रेजी अनुवाद करते समय अति-उत्साह में उसे 'गर्लफ्रेंड' बना डाला और मजे की बात यह रही कि आला अधिकारियों ने बिना देखे इस 'अतरंगी' नाम वाली फाइल पर अपने हस्ताक्षर भी कर दिए।
टाइपिंग मिस्टेक या लापरवाही?
इस अजीबोगरीब नाम को लेकर अब नगरपालिका के गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, अधिकारी अब इसे महज एक 'टाइपिंग एरर' या लिपिकीय त्रुटि बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि क्या सरकारी आदेशों को जारी करने से पहले उनकी ठीक से प्रूफ-रीडिंग नहीं की जाती? फिलहाल, 'गर्लफ्रेंड पंत' का यह आदेश सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है और लोग मजे लेते हुए कह रहे हैं कि जनगणना का काम तो बाद में होगा, फिलहाल तो लोग इस नाम की ही 'गणना' करने में जुटे हैं।