गुना, सबकी खबर। 
गुना से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आ रहा है जो बिल्कुल मध्य प्रदेश के चर्चित सिवनी हवाला कांड की याद दिलाता है। सबकी खबर को सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, गुना जिले के एक थाने में पुलिसकर्मियों द्वारा लूटपाट और बंदरबांट का खेल खेला गया है। बताया जा रहा है कि गुजरात नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी, जिसका नंबर GJ 05 RK 9351 है, गुना जिले से गुजर रही थी। इस गाड़ी में करीब 1 करोड़ रुपये होने की सूचना थी। थाना प्रभारी ने गाड़ी को रुकवाकर थाने ले गए और वहां कथित तौर पर 20 लाख रुपये की वसूली कर गाड़ी को छोड़ दिया गया। यह मामला तब और भी गंभीर हो गया जब सूत्रों ने बताया कि गुजरात से किसी आईपीएस अधिकारी का फोन मध्य प्रदेश के पुलिस विभाग में आया। इसके बाद दबाव बढ़ता देख थाना प्रभारी ने वसूली गई 20 लाख रुपये की राशि गुपचुप तरीके से वापस कर दी और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दे दी गई है और वे अपने स्तर पर इसकी तहकीकात कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले सिवनी हवाला कांड में भी डीएसपी पूजा पांडे समेत कई पुलिसकर्मियों को जेल जाना पड़ा था और वहां भी शुरुआत में मामले को दबाने की कोशिश हुई थी। सबकी खबर अब इस मामले की जड़ तक जाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस के वर्रिष्ठ अधिकारी टोल नाकों से सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि गाड़ी की मौजूदगी और पुलिस की भूमिका के ठोस सबूत जुटाए जा सकें। जिस तरह से जबलपुर आईजी ने सिवनी कांड में सख्त कार्रवाई की थी, वैसी ही उम्मीद अब गुना के इस मामले में भी की जा रही है। सबकी खबर इस पूरी घटना पर पैनी नजर बनाए हुए है और जैसे ही नए तथ्य सामने आएंगे, हम आप तक पहुँचाएंगे।